घुसपैठियों पर सख्ती के संकेत: विजय शर्मा बोले- अब होगी कड़ी व्यवस्था, सुरक्षा तंत्र होगा और मजबूत
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पश्चिम बंगाल दौरे से लौटने के बाद कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठ, पद्मश्री सम्मानित महिला के कथित अपहरण और केंद्रीय गृहमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सरकार की स्थिति स्पष्ट की।
यह भी पढ़े :- कानून के आगे परंपरा फेल, रिश्तों पर कोर्ट की लकीर, मौसेरी बहन से शादी अमान्य
घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठिए मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल के रास्ते देश में प्रवेश करते हैं। पहले वहां की सरकार द्वारा केंद्रीय एजेंसियों को अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाता था, लेकिन अब बेहतर समन्वय के जरिए अवैध घुसपैठ पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि वहां की जनता बदलाव चाहती है और मौजूदा नेतृत्व से असंतुष्ट नजर आ रही है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि विभिन्न राज्यों के कार्यकर्ताओं ने चुनाव में मिलकर कड़ी मेहनत की है।
पद्मश्री सम्मानित फूलबासन यादव के कथित अपहरण मामले में उपमुख्यमंत्री ने बताया कि एक महिला ने सेल्फी लेने के बहाने उन्हें बुलाया और फिर वाहन में बैठाकर ले जाया गया। मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना भी की।
वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 19 मई को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि यह बैठक जगदलपुर में होने वाली अंतर-राज्यीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक की तैयारियों को लेकर है, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।



