Google Analytics —— Meta Pixel

Uttarkashi Cloud Burst News : उत्तरकाशी के धराली में तबाही के निशान: मलबे में दबे मकान, टूटी सड़कें और लापता लोग, पढ़े पूरी खबर

Uttarkashi Cloud Burst News : उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मंगलवार को बादल फटने (Uttarkashi Cloud Burst) से भारी तबाही मच गई। भारी बारिश के बाद धराली गांव में बाढ़ और मलबे ने तबाही का ऐसा मंजर पेश किया कि पूरा इलाका दहशत में आ गया। गांव के कई हिस्से मलबे में दब गए, मकान ढह गए और सड़कें पूरी तरह टूट गईं। इस हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 50 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़े :- Rashifal 6 August 2025: आज बुधवार का राशिफल, कैसा रहेगा आपका दिन, क्या कहती है आपकी राशि, जानें सभी राशियों का भविष्यफल

इस आपदा(Uttarkashi Cloud Burst) की चपेट में एक आर्मी कैंप भी आ गया है, जिसमें सेना का मेस और कैफे शामिल हैं। कई जवानों के भी लापता होने की आशंका जताई जा रही है। हर्षिल में तैनात 14 राजपूताना राइफल्स की यूनिट को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं, हर्षिल हेलीपैड भी बाढ़ की चपेट में बह गया है, जिससे हेलीकॉप्टर से राहत अभियान बाधित हो गया है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी एजेंसियां

  • NDRF की 4 टीमें मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में लगी हैं।
  • ITBP की 3 टीमें भी राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं।
  • BRO युद्धस्तर पर गंगोत्री नेशनल हाईवे को बहाल करने में जुटा है।

राज्य और केंद्र सरकारें हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी के पास न जाने की अपील की है।

सड़कें टूटीं, गांव कटे: हालात बेहद गंभीर

  • भारी बारिश के कारण गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह मलबा और बोल्डर गिरने से आवाजाही बुरी तरह से बाधित है।
  • धराली के पास 150 मीटर लंबा सड़क खंड पूरी तरह बह गया है।
  • मलबा हटाने के लिए मशीनें नहीं पहुंच पाई हैं, जिससे रेस्क्यू टीमों को पैदल पहाड़ियों के रास्ते आगे बढ़ना पड़ रहा है।
  • सड़कें कई जगह से धंसी हुई हैं और दरारें लगातार बढ़ रही हैं।

मौसम बना सबसे बड़ी चुनौती

बारिश लगातार जारी है और मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। हेलीकॉप्टर राहत सामग्री पहुंचाने के लिए स्टैंडबाय पर हैं, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से उड़ान संभव नहीं हो रही।

भागीरथी नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण आसपास के गांवों को खाली कराया जा रहा है। खीर गंगा में आई बाढ़ के कारण हर्षिल हेलीपैड डूब गया है और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

बचावकर्मियों को चुनौतियों का सामना

  • भारी बारिश और लैंडस्लाइड से रास्ते अवरुद्ध हैं।
  • मलबे में दबे लोगों का पता लगाने के लिए कोई आधुनिक डिटेक्शन सिस्टम मौके पर उपलब्ध नहीं है।
  • रेस्क्यू टीमों को पहाड़ काटकर रास्ता बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

आज उत्तराखंड के 9 जिलों में स्कूल बंद

भारी बारिश की चेतावनी के चलते उत्तराखंड सरकार ने देहरादून, नैनीताल, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, चंपावत, पौड़ी, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिलों में सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन की छुट्टी घोषित कर दी है।

केदारनाथ यात्रा स्थगित, नदियां उफान पर

  • रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी खतरे के निशान के करीब बह रही है।
  • केदारनाथ यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी गई है।
  • बागेश्वर में गोमती और सरयू नदियां प्रचंड उफान पर हैं।
  • कोटद्वार सहित अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में भी लगातार बारिश हो रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!