‘सोनिया गांधी को रास नहीं आ रहा वंदे मातरम का सम्मान, देश से मांगें माफी’: अमित शाह का कांग्रेस पर जोरदार प्रहार

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज रविवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस और सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला। स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ के राष्ट्रगीत के दौरान हुए विवाद को लेकर शाह ने कहा कि अगर कांग्रेस में थोड़ी भी शर्म बची है, तो उसे देश और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय से हाथ जोड़कर माफी मांगनी चाहिए।
वंदे मातरम को अधूरा रोकने का आरोप
अमित शाह ने कहा कि 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण के बाद ‘वंदे मातरम’ का गान हो रहा था, लेकिन चालू गान के बीच में ही सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष को इसे रोकने का इशारा किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 80 साल बाद जब बंकिम बाबू का यह अमर गान सम्मान प्राप्त कर रहा है, तो वह भी सोनिया गांधी को रास नहीं आ रहा है। शाह ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि देश की 140 करोड़ जनता यह सब देख रही है और इस ‘पाप’ के लिए जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी।
‘वोट बैंक की राजनीति के लिए राष्ट्रगीत को भुलाया’
गृहमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक के लालच में वंदे मातरम के महत्व को घटाया और इसे भुलाने का काम किया। उन्होंने याद दिलाया कि इसी राष्ट्रगीत का उच्चारण करते हुए हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने हंसते-हंसते फांसी का फंदा चूम लिया था। शाह ने कहा कि यह वंदे मातरम के प्राकट्य का 150वां वर्ष है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से इस राष्ट्रगीत को एक नया जीवन और सम्मान देने का काम किया है।
क्या था पूरा विवाद?
15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के अवसर पर दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम गाया जा रहा था, तभी सोनिया गांधी की एक प्रतिक्रिया का वीडियो सामने आया, जिसमें वह कथित तौर पर कुछ इशारा करती दिखीं।
इसके बाद यह दावा किया जाने लगा कि सोनिया गांधी ने पूरे वंदे मातरम गाए जाने पर आपत्ति जताई थी। हालांकि, विवाद बढ़ता देख कांग्रेस पार्टी ने सफाई जारी करते हुए इन आरोपों को खारिज किया और कहा कि मुख्यालय में राष्ट्रगीत मर्यादा और परंपरा के अनुसार पूरा ही गाया गया था।



