Google Analytics —— Meta Pixel

मानसून की रफ्तार पर ब्रेक, 8 जून से नहीं बढ़ा आगे, देश में 37.8% कम बारिश, अल नीनो और जेट स्ट्रीम बनी चुनौती

Speed of Monsoon 2026: दक्षिण-पश्चिम मानसून इस साल फिर धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। 4 जून को केरल पहुंचने के बाद मानसून ने 13 दिनों में देश के 19 राज्यों को कवर कर लिया, लेकिन 8 जून से तेलंगाना के भद्राचलम क्षेत्र में इसकी तरफ्तार थम गई है। लगातार तीसरे साल जून महीने में मानसून ने लंबा ब्रेक लिया है, जिससे मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में इंतजार बढ़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून सामान्य परिस्थितियों में 15-16 जून तक मध्य प्रदेश, 18-20 जून तक उत्तर प्रदेश और 20 जून तक राजस्थान पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इन राज्यों में इसकी एंट्री 22 जून के बाद होने की संभावना है। अगर अगले 4-5 दिनों में मानसून आगे बढ़ता है तो कुल ब्रेक अवधि 13 से 15 दिन की हो सकती है।

यह भी पढ़ें:- NEET री-एग्जाम के दबाव में एक और छात्रा की मौत, कोयंबटूर में 19 साल की अनुकीर्तना ने की आत्महत्या, दो दिनों में तीसरी घटना

देश में 17 जून तक सामान्य के मुकाबले 37.8 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि पिछले दो सालों में भी शुरुआती ब्रेक के बावजूद सीजन के अंत तक सामान्य से ज्यादा बारिश हुई थी, लेकिन इस बार शुरुआती आंकड़े चिंता बढ़ा रहे हैं। 17 जून तक मानसून केरल, कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के अधिकांश राज्यों तक पहुंच चुका है। 18 जून से 5 जुलाई के बीच इसके छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। (Speed of Monsoon 2026)

अल नीनो और जेट स्ट्रीम बनी चुनौती

अमेरिकी राष्ट्रीय महासागरीय और वायुमंडलीय प्रशासन (NOAA) की रिपोर्ट के मुताबिक इंटरट्रॉपिकल कन्वर्जेंस जोन (ITCZ) पर्याप्त रूप से सक्रिय नहीं हो पाया है, जिससे मानसून की गति धीमी हुई है। इसके अलावा अल नीनो जैसी परिस्थितियां भी बनने लगी हैं, जिससे देश में असमान वर्षा और सूखे की आशंका बढ़ सकती है। विशेषज्ञों के मुताबिक मध्य भारत, गुजरात और राजस्थान के ऊपर बादलों का घनत्व अभी कम है, जबकि पूर्वी भारत में गरज-चमक की गतिविधियां ज्यादा दिखाई दे रही हैं। मानसून की देरी का असर तापमान पर भी दिख रहा है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और महाराष्ट्र के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। (Speed of Monsoon 2026)

अगले 48 घंटे कैसा रहेगा मौसम

सबसे ज्यादा तापमान उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा वाराणसी में 42.8, महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में 42.8, ओडिशा के बौध में 42.7, झारखंड के डाल्टनगंज में 42.4, तेलंगाना के रामागुंडम में 42 और मध्य प्रदेश के खजुराहो में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। 19 जून को बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश की संभावना है। बिहार में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। 20 जून को सिक्किम, उत्तर बंगाल, असम और मेघालय में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी आंधी-बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

क्या है जेट स्ट्रीम का असर

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक जेट स्ट्रीम वायुमंडल की ऊपरी परतों में 8 से 15 किलोमीटर की ऊंचाई पर बहने वाली तेज हवाएं हैं। इनकी गति 100 से 300 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। जेट स्ट्रीम कमजोर पड़ने पर मानसूनी हवाएं मजबूत होती हैं और मानसून तेजी से आगे बढ़ता है। वर्तमान में यही प्रणाली मानसून की रफ्तार को प्रभावित कर रही है। मानसून की रफ्तार पर लगा यह ब्रेक सिर्फ मौसम की खबर नहीं, बल्कि खेती, जल प्रबंधन और आम जनजीवन से जुड़ी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। देश के कई हिस्सों में जहां लोग भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं, वहीं किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं। अब सबकी निगाहें अगले 4 से 5 दिनों पर टिकी हैं, क्योंकि मौसम विभाग को उम्मीद है कि जेट स्ट्रीम कमजोर पड़ते ही मानसून फिर रफ्तार पकड़ेगा। सवाल यह है कि क्या मानसून की यह देरी आने वाले दिनों में बारिश की भरपाई कर पाएगी, या फिर सूखे और असमान बारिश की आशंकाएं और गहरा जाएंगी।

Back to top button
error: Content is protected !!