जहरीली शराब ने उजाड़े 11 परिवार, बंडा में पसरा मातम, पढ़े पूरी खबर
नौराज और गूगरा खुर्द गांव में शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत, प्रशासन ने छह शराब दुकानें सील कीं
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और कई गांवों में मातम पसरा है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात सामने आई घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, बंडा ब्लॉक के नौराज और गूगरा खुर्द गांव में शराब पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से 11 लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि कुछ लोगों का अस्पताल में उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
छह शराब दुकानें सील
घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन क्षेत्र की छह मदिरा दुकानों को सील कर दिया है। साथ ही शराब के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है। शराब के सेवन से हुई मौतों के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए सैंपल और अन्य साक्ष्यों की जांच कराई जा रही है।
24-48 घंटे में शराब पीने वालों की स्क्रीनिंग
प्रशासन ने आसपास के गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तैनात कर स्क्रीनिंग शुरू करा दी है। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि जिन लोगों ने पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य किसी तरह की परेशानी महसूस हो रही है, वे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सिविल अस्पताल पहुंचकर जांच कराएं।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना और अधिकारियों को तत्काल जांच तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
गांवों में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीमें
कलेक्टर ने बताया कि शराब के सेवन के बाद कई लोग बीमार हुए हैं और कुछ लोगों की मौत भी हुई है। आसपास के दोनों गांवों में डॉक्टरों की टीमें भेजकर लोगों की स्क्रीनिंग कराई जा रही है। प्रशासन ऐसे सभी मामलों पर नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में लगातार निगरानी कर रही हैं। घटना के बाद शराब की बिक्री और संदिग्ध शराब के स्रोत की भी जांच की जा रही है।



