Google Analytics —— Meta Pixel

रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, ट्रेन को उड़ाने की साजिश नाकाम? श्रीगंगानगर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

राजस्थान के श्रीगंगानगर में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल मार्ग पर संदिग्ध धमाका हुआ। रेलवे ट्रैक के सीमेंटेड पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद अनूपगढ़-बठिंडा ट्रेन रद्द कर दी गई। पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी।

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध धमाके की घटना से हड़कंप मच गया है। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल मार्ग पर श्रीविजयनगर क्षेत्र के गांव 50 जीबी के पास रात करीब 10:30 बजे तेज धमाका हुआ। इसकी चपेट में आने से रेलवे पटरी के नीचे बने सीमेंट के दो पिलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पिलरों का कंक्रीट टूटकर बिखर गया और अंदर लगा सरिया बाहर निकल आया। घटना के बाद रेलवे और पुलिस प्रशासन के साथ सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। शुरुआती आशंका है कि रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई हो सकती है। हालांकि, विस्फोट की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

दो घंटे पहले गुजर चुकी थी ट्रेन

जानकारी के मुताबिक, अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली ट्रेन रात करीब 8:30 बजे इसी रेल मार्ग से सुरक्षित गुजर चुकी थी। इसके लगभग दो घंटे बाद रात 10:30 बजे धमाके की सूचना सामने आई। यदि ट्रेन के गुजरने के दौरान यह घटना होती, तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था।

धमाके की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षतिग्रस्त पिलरों को देखते हुए रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

SP हरिशंकर यादव ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया है।

फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पिलर किसी विस्फोटक के कारण क्षतिग्रस्त हुए हैं या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सुबह 6 बजे चलने वाली अनूपगढ़-बठिंडा ट्रेन रद्द

धमाके के बाद रेल मार्ग की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। सुबह 6 बजे अनूपगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन को रद्द कर दिया गया है। ट्रैक और आसपास के हिस्से की जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।

7.5 किलो RDX बरामदगी से फिलहाल कोई कनेक्शन नहीं

इस घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में हाल ही में बरामद हुए करीब 7.5 किलोग्राम RDX का मामला भी चर्चा में है। हालांकि, एसपी हरिशंकर यादव ने स्पष्ट किया है कि रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके का RDX बरामदगी मामले से अब तक कोई प्रत्यक्ष संबंध सामने नहीं आया है।

फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही हैं। FSL रिपोर्ट के बाद ही धमाके की प्रकृति और इसके पीछे की वजह का खुलासा हो सकेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!