प्रदेश अध्यक्ष व स्वास्थ्य मंत्री ने दिलाई शपथ, खरोरा नगर पंचायत में नव-निर्वाचित अध्यक्ष व पार्षदों ने ली शपथ, विधायक अनुज शर्मा ने दी बधाई
खरोरा : नगर पंचायत खरोरा में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद नव-निर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत खरोरा की नव-निर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती सुनीता अनिल सोनी और सभी पार्षदों ने शपथ ली।
यह भी पढ़े :- कॉलोनी–फ्लैट मेंटनेंस चार्ज प्रत्येक आवंटित व्यक्ति को निर्धारित मेंटनेंस चार्ज का भुगतान करना अनिवार्य : RERA
शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, अनिल सोनी निवृतमान अध्यक्ष न.पं. खरोरा, मंडल अध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए नगर के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
धरसींवा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि जनता के विश्वास का सम्मान करते हुए सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर नगर के विकास को नई दिशा देनी होगी। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य खरोरा नगर को एक विकसित एवं आदर्श नगर के रूप में पहचान दिलाना है। पार्टी नेतृत्व में जारी अटल संकल्प पत्र के वादों को हम धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जनता ने भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पर भरोसा जताया है, अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम इसे विकास कार्यों के माध्यम से साकार करें।”
स्वास्थ्य सुविधाओं में होगा सुधार
शहर की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आश्वासन दिया कि जल्द ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
शराब भट्टी का स्थानांतरण होगा
नगरवासियों की मांग पर ध्यान देते हुए मंत्री जी ने यह भी घोषणा की कि शराब भट्टी, जो वर्तमान में नगर से होकर जाती है, उसे जल्द ही दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने नगर के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया और जनता को भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में खरोरा नगर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।




