Google Analytics —— Meta Pixel

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने CWC की जगह बनाई स्टीयरिंग कमेटी, जानिए कौन-कौन है शामिल

Steering Committee: कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पदभार ग्रहण करते ही बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने 47 सदस्यों की एक स्टीयरिंग कमेटी बनाई है। ये समिति कांग्रेस वर्किंग कमेटी यानी CWC की जगह पर काम करेगी। इस समिति में खड़गे के अलावा पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी शामिल हैं। CWC फैसला लेने वाली पार्टी की सर्वोच्च संस्था है। कांग्रेस के नए अध्यक्ष के चुने जाने के बाद कांग्रेस कार्य समिति तकनीकी रूप से कांग्रेस स्टीयरिंग कमेटी हो जाती है। नई कार्य समिति के गठन तक जरूरत पड़ने पर उसकी बैठक बुलाई जा सकती है। अगले AICC (अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी) सत्र में कार्य समिति के नए सदस्यों का चयन किया जाएगा। ये कांग्रेस संविधान में व्यवस्था है।

यह भी पढ़ें:- T-20 वर्ल्ड कप में आज दूसरा मैच खेलेगी टीम इंडिया, नीदरलैंड से पहली बार होगा मुकाबला

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कल ही कांग्रेस अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला है। स्टीयरिंग समिति में एके एंटनी, अजय माकन, आनंद शर्मा, हरीश रावत, जयराम रमेश, प्रियंका गांधी वाड्रा, पी चिदंबरम, अधीर रंजन चौधरी, दिग्विजय सिंह, मीरा कुमार, राजीव शुक्ला, सलमान खुर्शीद समेत अन्य नाम हैं। बता दें कि कल सुबह कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्यों ने पद छोड़ दिया। यह उस सम्मेलन का हिस्सा है जब नया प्रमुख चुना जाता है, ताकि वह अपनी टीम चुनने में सक्षम हो सके। महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सभी CWC सदस्यों, AICC महासचिवों और प्रभारी ने कांग्रेस अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। सभी पदाधिकारियों, महासचिवों और प्रभारियों को अब संचालन समिति में शामिल किया गया है। (Steering Committee)

 

वहीं खड़गे ने कहा कि मेरे लिए बहुत ही भावुक क्षण है, आज एक कार्यकर्ता मजदूर के बेटे, एक सामान्य कार्यकर्ता को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अध्यक्ष चुनने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। जो यात्रा मैंने 1969 में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में शुरू की थी, उसे आपने आज इस मुकाम पर पहुंचाया है। जिस महान राजनीतिक दल का नेतृत्व महात्मा गांधी जी, नेहरू जी, सुभाषचंद्र बोस जी, पटेल जी, मौलाना आजाद जी, बाबू जगजीवन राम जी, इंदिरा जी, राजीव जी ने किया हो, उस जिम्मेदारी को संभालना मेरे लिए सौभाग्य और गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में कांग्रेस पार्टी का बेमिसाल योगदान है। बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर जी ने इस देश के संविधान के निर्माण के लिए योगदान दिया है, इस देश के संविधान की रक्षा के लिए हमको लड़ना होगा। कांग्रेस के सभी पूर्व अध्यक्षों को याद करते हुए मैं आप सबको भरोसा दिलाता हूं कि अपनी मेहनत से, अपने अनुभव से जो कुछ संभव होगा, वह सब करूंगा। (Steering Committee)

Back to top button
error: Content is protected !!