दिल्ली में 10वीं के छात्र ने की सुसाइड, मेट्रो के सामने छलांग लगाकर दी जान

Student Suicide in Delhi: दिल्ली के अशोक पैलेस इलाके स्थित सेंट कोलंबिया स्कूल में पढ़ने वाले 16 साल के छात्र ने आत्महत्या कर ली। 10वीं कक्षा का यह छात्र सुबह घर से ड्रामा क्लब की एक्टिविटी में भाग लेने निकला था। दोपहर करीब 2:34 बजे उसने राजेंद्र प्रसाद मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म से छलांग लगा दी। उसे तुरंत BLK अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। छात्र ने एक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें उसने लिखा कि उसके अंग दान कर दिए जाएं और किसी भी बच्चे को उसकी तरह पीड़ा न मिले। नोट में उसने कुछ शिक्षकों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए। छात्र ने लिखा- सॉरी भईया…सॉरी मम्मी…मैंने पहले भी कई बार आपका दिल तोड़ा है, ये बस आखिरी बार है।
यह भी पढ़ें:- पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया पर बढ़ा विवाद, CM ममता ने CEC को लिखा पत्र, BSF ने अवैध बांग्लादेशियों को लेकर किया बड़ा दावा
गुरुवार को छात्र के माता-पिता और कई स्टूडेंट स्कूल के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे। परिवार ने पुलिस में FIR भी दर्ज कराई है। छात्र के पिता के मुताबिक महीनों से कई टीचर्स बच्चे को मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे। छोटी-छोटी बातों पर उसे डांटा जाता था, अपमानित किया जाता था। बच्चा इसका कई बार जिक्र कर चुका था, लेकिन किसी ने कार्रवाई नहीं की। 10वीं की परीक्षा के कारण परिवार सख्त कदम नहीं उठा पाया। पिता ने यह भी कहा कि ड्रामा क्लास में एक घटना के बाद बच्चा बेहद आहत हुआ। ड्रामा एक्टिविटी के दौरान वह फिसलकर गिर गया, जिसके बाद टीचर ने पूरी क्लास के सामने उसे धक्का देकर डांटा और कहा कि ओवरएक्टिंग कर रहा है।
कई बच्चों को मिल रही थी धमकियां: क्लासमेट्स
छात्र के कुछ सहपाठियों ने बताया कि शिक्षक उसे ट्रांसफर सर्टिफिकेट देने की धमकी देते थे। माता-पिता को बार-बार स्कूल बुलाने की बात कहकर दबाव बनाया जाता था। उसकी क्लास के 2-3 अन्य छात्रों को भी इसी तरह की प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी। घटना के समय छात्र के माता-पिता कोल्हापुर में थे। दोपहर 2:45 पर उन्हें हादसे की जानकारी मिली। (Student Suicide in Delhi)
स्टूडेंट सुसाइड के चिंताजनक आंकड़े
NCRB के मुताबिक 2014 से 2023 के बीच स्टूडेंट सुसाइड में 72.9% की बढ़ोतरी दर्ज हुई। 2015 में 900 मामलों की बढ़ोतरी, 2020 में 2,100 ज्यादा सुसाइड, 2022 में आंकड़ा थोड़ा घटा और 2023 में फिर 848 से ज्यादा सुसाइड केस दर्ज किए गए। विशेषज्ञों का कहना है कि कई फैक्टर्स मिलकर ऐसे मामलों को जन्म देते हैं, जिसमें जेनेटिक कारण, सामाजिक दबाव, पियर प्रेशर और माता-पिता की अपेक्षाएं शामिल हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि आज-कल के बच्चे तैयारी छोड़ने के बजाय जीवन छोड़ने को तैयार है। समाज ने एकेडमिक सफलता को अस्तित्व से भी बड़ा बना दिया है। (Student Suicide in Delhi)
भारत में स्टूडेंट सुसाइड रोकने के लिए नियम
मेंटल हेल्थकेयर एक्ट 2017 के तहत मानसिक विकार से जूझ रहे व्यक्ति को इलाज और सम्मानजनक जीवन का पूरा अधिकार है। एंटी रैगिंग मेजर्स में UGC रेगुलेशन (2009) के तहत रैगिंग की शिकायत पर FIR दर्ज करना अनिवार्य है। स्टूडेंट काउंसलिंग सिस्टम 2016 के तहत विश्वविद्यालयों में तनाव, एंग्जायटी, होमसिकनेस जैसी समस्याओं के समाधान के लिए काउंसलर की व्यवस्था का प्रावधान है। गेटकीपर ट्रेनिंग के तहत सुसाइडल संकेत पहचानने के लिए प्रशिक्षित गेटकीपर्स का नेटवर्क तैयार किया जाता है। NEP 2020 के निर्देश के मुताबिक स्कूलों में सोशल-इमोशनल लर्निंग, कम्युनिटी इन्वॉल्वमेंट, काउंसलर्स और सोशल वर्कर्स की नियुक्ति पर जोर दिया गया है।



