Google Analytics —— Meta Pixel

आइसक्रीम-कोल्डड्रिंक से नहीं मिलती असली ठंडक, शरीर को पहुंचाते हैं नुकसान, जानिए गर्मियों में क्या खाना है बेहतर

Summer Cooling Food: गर्मियों में तेज धूप, उमस और पसीने से राहत पाने के लिए लोग अक्सर ठंडी चीजों का सहारा लेते हैं। आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक, पैकेज्ड जूस और बर्फ वाला पानी तुरंत राहत जरूर देते हैं, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक ये चीजें शरीर को अंदर से ठंडा करने के बजाय कई बार नुकसान पहुंचाती हैं। डॉक्टरों का कहना है कि कई कूलिंग फूड्स सिर्फ कुछ समय के लिए ठंडक का एहसास देते हैं, जबकि लंबे समय में ये डिहाइड्रेशन, मोटापा, डायबिटीज, पाचन संबंधी दिक्कतें और इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन जैसी समस्याएं बढ़ा सकते हैं। डाइटीशियन के मुताबिक गर्मियों में सही खानपान शरीर का तापमान संतुलित रखने, हाइड्रेशन बनाए रखने और पाचन को बेहतर रखने में सबसे अहम भूमिका निभाता है।

यह भी पढ़ें:- फायर सेफ्टी के दावों की खुली पोल, छत्तीसगढ़ के कई सरकारी दफ्तर और अस्पतालों में सुरक्षा इंतजाम नाकाफी

गर्मियों में लोग जिन चीजों को राहत देने वाला मानते हैं, उनमें कार्बोनेटेड ड्रिंक्स, शुगरी ड्रिंक्स, चिल्ड सोडा, पैकेज्ड जूस, सॉफ्ट ड्रिंक्स, आइसक्रीम, फ्लेवर्ड योगर्ट, बर्फ का गोला और जरूरत से ज्यादा ठंडा पानी शामिल हैं। विशेषज्ञों के अनुसार ये चीजें शरीर को कुछ समय के लिए ठंडा महसूस कराती हैं, लेकिन इनका असर उल्टा भी पड़ सकता है। कोल्ड ड्रिंक्स और सॉफ्ट ड्रिंक्स में हाई शुगर, कैफीन और कार्बन डाइऑक्साइड गैस होती है। इससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ता है और थोड़ी देर बाद शरीर में थकान महसूस होने लगती है। इन ड्रिंक्स में मौजूद कैफीन डिहाइड्रेशन बढ़ा सकता है, जबकि गैस के कारण पेट फूलना, डकार और एसिडिटी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लगातार सेवन से इंसुलिन रेजिस्टेंस और मोटापे का खतरा भी बढ़ जाता है।

पैकेज्ड जूस हेल्दी नहीं, हाई शुगर ड्रिंक

कई लोग पैकेज्ड जूस को हेल्दी मानते हैं, क्योंकि यह फ्रूट बेस्ड होता है, लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक इनमें अक्सर एडेड शुगर और प्रिजर्वेटिव्स की मात्रा ज्यादा होती है। इससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ता है और फैटी लिवर, मोटापा व मेटाबॉलिक डिसऑर्डर का खतरा बढ़ सकता है। प्रोसेसिंग के कारण इनका न्यूट्रिशनल वैल्यू भी कम हो जाता है। आइसक्रीम शरीर को तुरंत ठंडक देती है, लेकिन इसमें मौजूद हाई शुगर और सैचुरेटेड फैट कैलोरी ओवरलोड का कारण बनते हैं। ज्यादा सेवन से वजन बढ़ने और गले में इन्फेक्शन का खतरा हो सकता है। इसी तरह फ्लेवर्ड योगर्ट में भी अतिरिक्त शुगर और फ्लेवरिंग एजेंट्स होते हैं, जो इसके प्राकृतिक प्रोबायोटिक फायदे को कम कर देते हैं। (Summer Cooling Food)

बर्फ का गोला और बहुत ठंडा पानी भी नुकसानदेह

बर्फ का गोला गर्मियों में सबसे लोकप्रिय चीजों में से एक है, लेकिन इसमें इस्तेमाल होने वाले आर्टिफिशियल कलर्स और केमिकल्स शरीर पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं। अगर बर्फ साफ न हो तो पेट संबंधी संक्रमण भी हो सकता है। वहीं बहुत ज्यादा ठंडा पानी पीने से शरीर के तापमान संतुलन पर असर पड़ता है। इससे पाचन प्रक्रिया धीमी हो सकती है और गले में खराश या संक्रमण की समस्या भी हो सकती है। डॉक्टरों के मुताबिक असली कूलिंग फूड वही है, जो शरीर को अंदर से हाइड्रेट रखे, पाचन में मदद करे और शरीर का तापमान संतुलित बनाए रखे। ऐसे फूड सामान्यतः प्राकृतिक होते हैं, पैकेज्ड नहीं होते और स्थानीय स्तर पर उगाए जाते हैं। यानी जो चीजें हमारे आसपास पैदा होती हैं और जिन्हें पारंपरिक रूप से लोग खाते आए हैं, वे शरीर के लिए ज्यादा फायदेमंद मानी जाती हैं।

गर्मियों में ये चीजें रखेंगी शरीर को ठंडा

विशेषज्ञों ने गर्मियों में कुछ प्राकृतिक और हेल्दी विकल्प अपनाने की सलाह दी है। इनमें खीरा, ककड़ी, तरबूज, खरबूज, नारियल पानी, छाछ, दही, बेल का शरबत, नींबू पानी, पुदीना और आम पना शामिल हैं। ये फूड शरीर में पानी की कमी नहीं होने देते, इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखते हैं और पाचन को भी बेहतर रखते हैं। गर्मियों में हेल्दी रहने के लिए खानपान में कुछ जरूरी सावधानियां बरतना भी बेहद जरूरी है। डॉक्टरों के मुताबिक सामान्य तौर पर एक व्यक्ति को गर्मियों में दिनभर में करीब 2.5 से 3.5 लीटर पानी पीना चाहिए। हालांकि मौसम, शारीरिक गतिविधि और व्यक्ति की सेहत के अनुसार इसकी मात्रा कम या ज्यादा हो सकती है। (Summer Cooling Food)

ये सावधानियां बरतना जरूरी

  • दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें
  • प्यास लगने का इंतजार न करें
  • ताजा और हल्का भोजन करें
  • फल काटकर तुरंत खाएं
  • ज्यादा ठंडी चीजों से बचें
  • बाहर से आते ही तुरंत बर्फ वाला पानी न पिएं
  • पैकेज्ड और शुगरी ड्रिंक्स कम लें
  • बहुत ज्यादा मसालेदार और ऑयली फूड से बचें
  • बासी खाना खाने से परहेज करें
Back to top button
error: Content is protected !!