बार-बार थकान को न करें नजरअंदाज, जानिए कारण, लक्षण और स्टैमिना बढ़ाने के आसान उपाय

Boost Your Body Stamina: क्या आपको पहले की तुलना में अब जल्दी थकान महसूस होने लगी है? क्या थोड़ी दूर चलने, सीढ़ियां चढ़ने या सामान्य काम करने के बाद ही सांस फूलने लगती है? अक्सर लोग इसे बढ़ती उम्र, कमजोरी या ज्यादा काम का असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन कई बार यह शरीर की ओर से किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक सिर्फ ताकत होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि शरीर का स्टैमिना भी उतना ही जरूरी है। स्टैमिना वह क्षमता है, जिसके दम पर व्यक्ति लंबे समय तक बिना ज्यादा थके शारीरिक या मानसिक काम कर सकता है। जब यह क्षमता कम होने लगती है तो रोजमर्रा के सामान्य काम भी मुश्किल लगने लगते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि स्टैमिना में कमी सिर्फ उम्र बढ़ने की वजह से नहीं होती। खराब खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी, तनाव, पर्याप्त नींद न लेना और कई बीमारियां भी इसकी बड़ी वजह बन सकती हैं। ऐसे में लगातार थकान को हल्के में लेना सही नहीं है।
स्टैमिना और स्ट्रेंथ में क्या अंतर है ?
अक्सर लोग स्टैमिना और स्ट्रेंथ को एक ही मान लेते हैं, जबकि दोनों अलग-अलग चीजें हैं। स्टैमिना का मतलब है लंबे समय तक बिना ज्यादा थके काम करने की क्षमता। उदाहरण के तौर पर अगर कोई व्यक्ति लगातार 5 किलोमीटर पैदल चल सकता है या लंबे समय तक दौड़ सकता है तो उसका स्टैमिना अच्छा माना जाता है। इसमें मुख्य फोकस सहनशक्ति पर होता है और थकान अपेक्षाकृत कम महसूस होती है। वहीं स्ट्रेंथ का मतलब है कम समय में ज्यादा ताकत लगाने की क्षमता। जैसे भारी बैग उठाना, वजन उठाना या ज्यादा बल लगाने वाला कोई काम करना। इसमें मुख्य फोकस ताकत पर होता है और शरीर जल्दी थक सकता है। (Boost Your Body Stamina)
किन कारणों से घटता है स्टैमिना ?
पौष्टिक और संतुलित आहार न लेना- अगर भोजन में सभी जरूरी पोषक तत्व नहीं मिलते, तो शरीर को पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिल पाती और स्टैमिना धीरे-धीरे कम होने लगता है।
शरीर में प्रोटीन, आयरन और जरूरी पोषक तत्वों की कमी- प्रोटीन मांसपेशियों की मजबूती, आयरन शरीर तक ऑक्सीजन पहुंचाने और अन्य पोषक तत्व ऊर्जा बनाने में मदद करते हैं। इनकी कमी से जल्दी थकान महसूस होती है।
विटामिन B12 और विटामिन D की कमी- विटामिन B12 नसों और लाल रक्त कोशिकाओं के लिए जरूरी है, जबकि विटामिन D मांसपेशियों और हड्डियों को मजबूत रखता है। इनकी कमी से कमजोरी और ऊर्जा की कमी होती है।
विशेषज्ञों के मुताबिक स्टैमिना कम होने के पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं।
शरीर में पानी की कमी- पर्याप्त पानी न पीने से शरीर का संतुलन बिगड़ता है, जिससे थकान, चक्कर और काम करने की क्षमता कम हो जाती है।
नियमित व्यायाम न करना- शारीरिक गतिविधियां न करने से हृदय, फेफड़े और मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं, जिससे स्टैमिना घटता है।
मोटापा या तेजी से बढ़ता वजन- ज्यादा वजन होने पर शरीर को हर काम के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे व्यक्ति जल्दी थक जाता है।
लगातार तनाव और मानसिक थकान- मानसिक तनाव शरीर की ऊर्जा को प्रभावित करता है और व्यक्ति बिना ज्यादा काम किए भी थका हुआ महसूस करने लगता है।
पर्याप्त नींद न लेना- नींद पूरी नहीं होने पर शरीर और मांसपेशियों को रिकवरी का समय नहीं मिलता, जिससे अगले दिन ऊर्जा और स्टैमिना कम रहता है। रोज 8 से 9 घंटे तक सोना चाहिए।
एनीमिया यानी खून की कमी- खून में हीमोग्लोबिन कम होने से शरीर के अंगों तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती, जिससे जल्दी थकान और कमजोरी महसूस होती है।
धूम्रपान और शराब का सेवन- स्मोकिंग फेफड़ों की क्षमता घटाती है और शराब शरीर की रिकवरी-ऊर्जा उत्पादन को प्रभावित करती है, जिससे स्टैमिना कम होता है।
थायरॉइड, डायबिटीज और हृदय रोग जैसी बीमारियां- ये बीमारियां शरीर के मेटाबॉलिज्म, रक्त संचार और ऊर्जा उत्पादन को प्रभावित करती हैं, जिससे सामान्य काम में भी थकान महसूस हो सकती है।
जंक फूड और अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड का ज्यादा सेवन- ऐसे खाद्य पदार्थ पेट तो भर देते हैं, लेकिन शरीर को जरूरी पोषण नहीं दे पाते। इससे ऊर्जा का स्तर गिरता है और स्टैमिना धीरे-धीरे कम होने लगता है।
स्टैमिना बढ़ाने के लिए क्या करें ?
स्टैमिना बेहतर बनाने के लिए सिर्फ एक्सरसाइज ही नहीं, बल्कि सही खानपान और स्वस्थ जीवनशैली भी बेहद जरूरी है। विशेषज्ञ कई बातों का ध्यान रखने की सलाह देते हैं।
- प्रोटीन युक्त भोजन लें।
- कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट को डाइट में शामिल करें।
- हरी पत्तेदार सब्जियां नियमित खाएं।
- ताजे और मौसमी फल खाएं।
- ड्राई फ्रूट्स और नट्स का सेवन करें।
- आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थ लें।
- विटामिन B12 और विटामिन D युक्त भोजन लें।
- पर्याप्त मात्रा में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स का सेवन करें।
- दूध, दही और अन्य डेयरी उत्पादों को भोजन का हिस्सा बनाएं।
- रोजाना नियमित व्यायाम, वॉक या हल्की दौड़ करें।
- तनाव कम रखें और पर्याप्त नींद लें।
कब डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है ?
अगर बिना किसी स्पष्ट कारण के लगातार थकान बनी रहे, थोड़ी मेहनत में ही सांस फूलने लगे, चक्कर आए, सीने में दर्द हो या कमजोरी लंबे समय तक बनी रहे, तो इसे सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह एनीमिया, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी, डायबिटीज, थायरॉइड या अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है। विशेषज्ञों का कहना है कि उम्र बढ़ने के साथ स्टैमिना में कुछ कमी आना सामान्य है, लेकिन सही डाइट, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर 40 साल या उससे ज्यादा उम्र में भी स्टैमिना को काफी हद तक बेहतर बनाया जा सकता है। स्वस्थ शरीर के लिए सिर्फ ताकत नहीं, बल्कि अच्छी सहनशक्ति भी जरूरी है। इसलिए अगर शरीर बार-बार थकान का संकेत दे रहा है तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय कारण जानना और समय रहते जरूरी बदलाव करना ही बेहतर विकल्प है। (Boost Your Body Stamina)




