Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में वंदे मातरम् पर सियासी संग्राम, CM साय बोले- कांग्रेस और मुस्लिम लीग में कोई अंतर नहीं रहा, बघेल-बैज का पलटवा

Politics on Vande Mataram: वंदे मातरम् के गायन को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। आजादी के जश्न के दौरान वंदे मातरम् के छह छंदों के गायन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधी राजनीतिक बयानबाजी में बदल गया है। कांग्रेस 1937 के कांग्रेस कार्यसमिति के प्रस्ताव का हवाला देते हुए आधिकारिक कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के दो अंतरे गाए जाने के फैसले पर कायम है, जबकि बीजेपी कांग्रेस के इस रुख को लेकर लगातार सवाल उठा रही है। मामला कांग्रेस कार्यसमिति यानी CWC की बैठक के उस फैसले से जुड़ा है, जिसमें पार्टी ने 1937 के प्रस्ताव पर कायम रहते हुए वंदे मातरम् के दो अंतरे गाने की बात कही है। बीजेपी इसे राष्ट्रगीत के प्रति कांग्रेस के रुख से जोड़कर निशाना साध रही है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि पार्टी शुरुआत से ही वंदे मातरम् का सम्मान करती रही है और दो अंतरों का गायन ऐतिहासिक परंपरा और 1937 के फैसले के अनुरूप है।

यह भी पढ़ें:- बार-बार थकान को न करें नजरअंदाज, जानिए कारण, लक्षण और स्टैमिना बढ़ाने के आसान उपाय

बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस वंदे मातरम् के पूर्ण गायन से बच रही है, जबकि कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग दे रही है। इसी मुद्दे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी CM अरुण साव और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कांग्रेस पर हमला बोला है। दूसरी ओर कांग्रेस की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने बीजेपी पर पलटवार किया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस की शुरू से ही आदत है। कांग्रेस की तुष्टिकरण की जो नीति रही है, उसके कारण देश का विभाजन हुआ है। हम समझते हैं कि आज कांग्रेस और मुस्लिम लीग दोनों में कोई अंतर नहीं रहा है। वंदे मातरम का सम्मान होना चाहिए। लोग इसे गाकर हंसते-हंसते देश के लिए कुर्बान हो गए। (Politics on Vande Mataram)

डिप्टी CM अरुण साव का कांग्रेस पर हमला

वहीं डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि CWC में जो प्रस्ताव लाया गया, वह देश के साथ धोखा है। कांग्रेस मुस्लिम परस्त राजनीति करती आई है। कांग्रेस मुस्लिम लीग के रास्ते पर चल रही है। कांग्रेस ने प्रमाणित कर दिया कि वह तुष्टिकरण की राजनीति करती है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता वंदे मातरम् के विरोधी है। सोनिया, राहुल, खड़गे को वंदे मातरम् गाने से परहेज है, जिसमे मां दुर्गा का आह्वान है। इसे कांग्रेसी हटाना चाहते हैं। पहले मुस्लिम लीग ने वंदे मातरम् का विरोध किया और अब कांग्रेस मुस्लिग लीग का स्थान ले चुकी है। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि वंदे मातरम् गाने में कांग्रेस को आपत्ति क्यों, वंदे मातरम ने देश को आजादी दिलाई। इसका विरोध सही नहीं है। विपक्ष को माफी मांगना चाहिए।

वंदे मातरम् गाते हुए लाठियां किसने खाईं?: बघेल

बीजेपी के आरोपों पर कांग्रेस के महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् गीत कांग्रेस के लोग गाते थे। लाठियां कौन खाता था? कांग्रेसी, जेल कौन गया? कांग्रेसी, गोलियां किसने खाई? कांग्रेसी, उस समय कांग्रेस पार्टी के अलावा और जो दूसरे दल थे वे दूरी बनाकर रखे थे। एक उदाहरण भाजपा बता दे कि वंदे मातरम् गाते हुए भाजपा के कौन लोगों ने लाठी या गोली खाई। RSS के पास एक अवसर है, वे जो नमस्ते सदा वत्सले गाना गाते हैं उसकी जगह वंदे मातरम गाना शुरू कर दें। इस गीत को अपना लें। 1897 में जब कांग्रेस पार्टी का कोलकाता में महा अधिवेशन हुआ और रवींद्र नाथ टैगोर ने इस गीत को गाया। उस समय भी 2 छंद गाए गए। 1937 की जिस कमिटी ने इसे पास किया, उसमें नेहरू, सुभाष चंद्र बोस और पटेल थे, तब से कांग्रेस ने राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय गान को अंगीकृत किया गया। राष्ट्रगान के साथ उतना ही महत्व राष्ट्रीय गीत को दिया गया, तब से दो स्टैंजा गया जाता है।

बीजेपी भ्रम फैला रही है: सांसद राजीव शुक्ला

छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि जहां तक वंदे मातरम का सवाल है भाजपा पूरी तरह से भ्रम फैला रही है। कांग्रेस 1892 से वंदे मातरम गाती रही है। 1937 में वंदे मातरम प्रस्ताव बनकर पारित हुआ था, तब से वंदे मातरम गाया जा रहा है। रवीन्द्रनाथ टैगोर महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, राजेंद्र प्रसाद सबने मिलकर तय किया कि 2 छंद गाए जाएंगे। भाजपा इतने सालों से सत्ता में रही अभी तक इन्हें वंदे मातरम की याद क्यों नहीं आई? बंगाल में चुनाव था तो वंदे मातरम् याद आ गया। इन्हें हर चीज में वोट दिखाई देता है। कांग्रेस कह रही है हम वंदे मातरम गाएंगे, जो 1892 से गा रहे हैं। PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पांच महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। नीट का मामला, अयोध्या में चढ़ावे की चोरी, चीन का भारत पर कब्जा, महिला आरक्षण और E-20 पेट्रोल जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन भाजपा मुस्लिम लीग की बात कर रही है। (Politics on Vande Mataram)

बयानबाजी तेज, सियासी पारा चढ़ा

बैज ने कहा कि अरुण साव वकील हैं और आरएसएस से भी जुड़े रहे हैं, इसलिए उन्हें गूगल कर लेना चाहिए कि मुस्लिम लीग के साथ सरकार किसने चलाई थी। भाजपा को अरुण साव के ऐसे बयानों को गंभीरता से लेना चाहिए। कुल मिलाकर वंदे मातरम् का मुद्दा अब सिर्फ गीत के गायन तक सीमित नहीं रह गया है। इसके जरिए कांग्रेस और बीजेपी एक-दूसरे की विचारधारा, इतिहास और राजनीतिक नीतियों पर सवाल उठा रहे हैं। एक तरफ कांग्रेस 1937 के फैसले का हवाला देकर वंदे मातरम् के दो अंतरे गाने के अपने रुख पर कायम है, तो दूसरी तरफ बीजेपी छह छंदों वाले वंदे मातरम् के पूर्ण गायन को लेकर कांग्रेस को घेर रही है। 15 अगस्त के बाद शुरू हुआ यह विवाद अब छत्तीसगढ़ की सियासत में प्रमुख मुद्दा बन चुका है। मुख्यमंत्री से लेकर उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं तक की बयानबाजी के बाद साफ है कि आने वाले दिनों में वंदे मातरम् को लेकर सियासी घमासान और तेज हो सकता है। 

Back to top button
error: Content is protected !!