Google Analytics —— Meta Pixel

असम में हाथी दांत की तस्करी नाकाम, भोपाल में 6.642 किलो एम्फेटामाइन ड्रग्स जब्त

DRI Major Operation: राजस्व आसूचना निदेशालय यानी DRI ने देश में अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। असम में वन्यजीव तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए दो हाथी दांत बरामद किए गए, वहीं मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बस से सफर कर रहे एक यात्री के पास से 6.642 किलोग्राम एम्फेटामाइन नामक मादक पदार्थ जब्त किया गया है। दोनों कार्रवाई 5 नवंबर 2026 को की गईं। असम में कार्रवाई के दौरान संदिग्धों ने अधिकारियों को हथियार दिखाकर डराने और भागने की कोशिश की, जबकि भोपाल में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

यह भी पढ़ें:- संजय गांधी को विलेन बताने के आरोप से लेकर ऑपरेशन ब्लू स्टार तक, सोनिया गांधी की किताब ने बढ़ाया सियासी पारा

DRI अधिकारियों को 5 नवंबर 2026 को हाथी दांतों की तस्करी किए जाने की पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसके आधार पर अधिकारियों ने गुवाहाटी से करीब 27 किलोमीटर दूर सोनापुर टोल गेट के पास निगरानी शुरू की। शाम करीब 5:40 बजे दो दोपहिया वाहनों पर सवार पांच संदिग्ध नजर आए। इनमें से एक व्यक्ति के पास एक थैला था, जिसमें हाथी दांत होने का संदेह था। अधिकारियों ने जब संदिग्धों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने भागने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने पीछा कर रहे DRI अधिकारियों को डराने के लिए खुकरी और दाव जैसे धारदार हथियार लहराए। इसके बाद संदिग्ध थैला मौके पर छोड़कर पास के गांव की ओर भाग गए। (DRI Major Operation)

संदिग्धों के छोड़े गए थैले की तलाशी लेने पर उसमें हाथी के दो दांत मिले। इनकी लंबाई क्रमशः 29 इंच और 30 इंच थी। दोनों का कुल वजन करीब 3.7 किलोग्राम पाया गया। डीआरआई ने वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत दोनों हाथी दांत जब्त कर लिए। बाद में इन्हें आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए असम राज्य वन विभाग को सौंप दिया गया। हाथी के दांत वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 और वन्य जीवों एवं वनस्पतियों की लुप्तप्राय प्रजातियों के अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर समझौते (CITES) के परिशिष्ट-1 में संरक्षित हैं। इनसे बनी वस्तुओं का अवैध व्यापार और व्यावसायिक लेन-देन कानूनन प्रतिबंधित है। दूसरी कार्रवाई में DRI अधिकारियों ने 5 नवंबर 2026 को भोपाल में मादक पदार्थों की तस्करी का मामला पकड़ा। अधिकारियों को मिली विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली से भोपाल जा रही एक बस में सफर कर रहे यात्री को रोका गया। 

फील्ड टेस्ट में एम्फेटामाइन की पुष्टि, आरोपी गिरफ्तार

यात्री के सामान की तलाशी लेने पर उसके बैग से चमकीले चांदी जैसे रंग के तीन प्लास्टिक पैकेट मिले। इन पैकेटों में सफेद रंग का क्रिस्टलीय पदार्थ भरा हुआ था। जांच में इसका कुल वजन 6.642 किलोग्राम पाया गया। बरामद पदार्थ की एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से जांच की गई। इसमें एम्फेटामाइन होने की पुष्टि हुई। एम्फेटामाइन एक मनःप्रभावी पदार्थ है, जो स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act), 1985 के तहत नियंत्रित है। DRI अधिकारियों ने एनडीपीएस अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत पूरे पदार्थ को जब्त कर लिया और यात्री को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान यह भी पता चला कि गिरफ्तार व्यक्ति बेंगलुरु पुलिस की ओर से दर्ज किए गए एक अन्य एनडीपीएस मामले में पहले से ही जमानत पर बाहर था। इससे मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में उसकी बार-बार संलिप्तता की आशंका सामने आई है। 

तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगा DRI

DRI ने कहा है कि वह खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करने और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग का उद्देश्य वन्यजीवों की तस्करी, संरक्षित प्रजातियों के अवैध व्यापार और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क पर रोक लगाना है। साथ ही अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रखी जाएगी।DRI की इन दोनों कार्रवाइयों से साफ है कि देश में वन्यजीवों की तस्करी और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए एजेंसियां लगातार सक्रिय हैं। असम में हाथी दांतों की बरामदगी और भोपाल में एम्फेटामाइन की बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद अब दोनों मामलों में आगे की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाकर इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (DRI Major Operation)

Back to top button
error: Content is protected !!