Google Analytics —— Meta Pixel

संजय गांधी को विलेन बताने के आरोप से लेकर ऑपरेशन ब्लू स्टार तक, सोनिया गांधी की किताब ने बढ़ाया सियासी पारा

Sonia Gandhi Book Controversy: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब को लेकर देश की राजनीति में गरमा गई है। किताब में आपातकाल, गांधी परिवार, बाबरी मस्जिद विध्वंस, ऑपरेशन ब्लू स्टार और प्रधानमंत्री पद ठुकराने जैसे मुद्दों के जिक्र पर भाजपा, शिवसेना और अन्य दलों के नेताओं ने सवाल उठाए हैं। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि सोनिया गांधी ने किताब लिखी। संजय गांधी को विलेन बताया, राजीव गांधी को हीरो बताया। न संजय गांधी इसका जवाब देने की स्थिति में है, न इंदिरा गांधी हैं और न ही राजीव गांधी हैं। ये तय कौन करेगा कि वे सही बोल रही हैं या गलत? अगर वे इमरजेंसी के इतने खिलाफ थे तो इंदिरा गांधी ने 1980 में संजय गांधी को चुनाव क्यों लड़वाया? कारसेवकों पर जो गोली चली तो सोनिया गांधी की आंखों में आंसू नहीं आया? बाबरी मस्जिद गिरने पर उनकी आंखों में आंसू आ गए? मुझे लगता है कि वो भारतीय संस्कृति और परिवार को ठीक ढंग से नहीं समझती हैं। मुझे लगता है कि ये किताब केवल खुद की तारीफ करने के लिए लिखी गई है। ये भारतीय संस्कृति के खिलाफ है।

यह भी पढ़ें:- सोनिया गांधी की किताब से गरमाई सियासत, बीजेपी ने उठाए 1984 दंगों, इमरजेंसी और ऑपरेशन ब्लू स्टार पर सवाल

इस पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि निशिकांत दुबे का कौन जवाब दे? वे क्या हैं? भाजपा की परिक्रमा करके उन्होंने सांसद की सीट ले ली है और रांची का सब कुछ उन्होंने हड़प लिया है। झारखंड में कांग्रेस और हेमंत सोरेन की सरकार है, लेकिन लगता है कि मुख्यमंत्री निशिकांत दुबे हैं। सारे लोगों की संपत्ति उन्होंने हड़प ली है, लेकिन कांग्रेस इस पर बोलने को तैयार नहीं है। पहले वे बताएं कि वे स्वयं क्या थे। सोनिया गांधी ने किसी को विलेन नहीं बताया है। सोनिया गांधी ने इंदिरा गांधी की भावनाओं को बताया है, क्योंकि वे इंदिरा गांधी के बहुत नजदीक थीं। उन्होंने संजय गांधी और राजीव गांधी को करीब से देखा। उन्होंने उसी तरह से समय-काल-पात्र के अनुसार हृदय की गहराइयों को समाज के सामने रखा। इन सब चीजों का स्वागत किया जाना चाहिए। इसमें विलेन या हीरो का क्या सवाल है? संजय गांधी और राजीव गांधी दोनों भाई थे। आप पहले अपने घर को देखिए। सोनिया गांधी की किताब की आलोचना आप जनता पर छोड़ दीजिए। (Sonia Gandhi Book Controversy)

वहीं भाजपा सांसद योगेन्द्र चंदोलिया ने कहा कि 1984 के दंगों की अगर हम बात करें, जिसमें इतने लोगों को जान से मारा गया, सिखों को जिंदा जलाया गया, जिसमें कांग्रेस के लोग उसमें आरोपी थे और राजीव गांधी का बयान ये था कि ‘जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है’। मौन रूप से उनका समर्थन था कि सिखों के साथ सही हुआ है। उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि उनकी किताब को मैंने अभी पढ़ा नहीं है, मगर उस समय उनके सामने कुछ चुनौतियां थी, जिसके कारण वो प्रधानमंत्री नहीं बनी। उन्होंने मन की आवाज पर नहीं छोड़ा था। बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि सोनिया गांधी की किताब केवल अपनी ऐतिहासिक विफलताओं पर पर्दा डालने की नाकाम कोशिश है। दशकों तक सनातन और बहुसंख्यक समाज की आस्था को चोट पहुंचाने वाले आज PM मोदी की तुलना और RSS पर टिप्पणी कर रहे हैं। देश की जनता जानती है कि PM का जीवन 140 करोड़ नागरिकों के विकास और स्वाभिमान के लिए समर्पित है।

भाजपा नेता यासीर जिलानी ने कहा कि जो किताब सामने आई है, उसमें सोनिया गांधी ने एक चालाक राजनीतिज्ञ की तरह सारी सच्चाई को छिपाया है और झूठ परोसने का प्रयास किया है। ये दिख रहा है कि गांधी परिवार की जो प्रतिष्ठा खो रही थी, उसे वापस लाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने ऑपरेशन ब्लू स्टार पर बात तो की है, लेकिन उन्हें माफी भी मांगनी चाहिए थी। मुझे लगता है कि उनके द्वारा झुठ को ज्यादा सामने रखा गया है। गांधी परिवार के लिए अच्छी मार्केटिंग की गई है। आपातकाल को लेकर पूरा ठिकड़ा संजय गांधी पर फोड़ने का प्रयास किया गया है, जिसे उन्हें साफ तौर पर बताना चाहिए था। ये पूरी की पूरी किताब राजनीति से भरी हुई है और सच से बहुत दूर है। VHP नेता विनोद बंसल ने कहा कि पूरा का पूरा INDI गठबंधन लगातार सनातन पर हमला कर रहा है, हिंदू आस्था, विश्वास पर हमला कर रहा है। अब समय आ गया है कि कांग्रेस नेतृत्व को माफी मांगनी चाहिए। इस तरह के प्रहार को अब हिंदू समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। (Sonia Gandhi Book Controversy)

Sonia Gandhi Book Revelations

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि सोनिया गांधी की एक किताब आई है और उस किताब में सोनिया गांधी ने शरद पवार पर कुछ आपत्ति जताई है कि उन्होंने मेरे विदेशी मूल का मुद्दा उठाया था, लेकिन जब पवार ने वह फैसला लिया तो उस समय हम उससे सहमत नहीं थे, क्योंकि बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान के अनुसार भारत के सभी नागरिकों को चुनाव लड़ने का अधिकार है। संविधान ऐसा नहीं कहता है कि वो किसी भी पद पर नहीं जा सकता है। शरद पवार ने सोनिया गांधी के संबंध में विदेशी मूल का जो मुद्दा उठाया था और कहा था कि वे प्रधानमंत्री नहीं बन सकती हैं, इसलिए उनका भारी नुकसान भी हुआ है। शिवसेना नेता शायना एनसी ने कहा कि सोनिया गांधी अगर आप राम के लिए रोए थे तो प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण क्यों ठुकराया? अगर आप 370 के लिए रोए थे तो 70 साल तक 370 हटाने का बिल क्यों नहीं लाए? अगर आप आपातकाल के लिए रोए थे तो 1975 में इंदिरा गांधी को आपने क्यों नहीं रोका? सच्चाई यह है कि यह आंसू देश के लिए नहीं, बल्कि आपकी किताब के लिए है। आज जब हर एक महिला सोच रही है कि नारी शक्ति वंदन को पारित करने में कांग्रेस पार्टी की भूमिका क्या है, वह भी उजागर इस किताब में उजागर किजिए।

शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि राजनीति में जब लोग रिटायर हो जाते हैं तो वे इस प्रकार की किताबें लिखते हैं। अपनी आत्मकथाएं जारी करते हैं। शायद सोनिया गांधी भी उस पड़ाव में पहुंच गई हैं, जिस तरीके से उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद के विध्वंस के बाद उनकी आंखों में पानी आ गया था ये आपत्तिजनक था। वे कोई मस्जिद नहीं थी, वो एक ढांचा था जो भगवान राम के जन्म स्थान पर, उनके मंदिर को तोड़कर बनाया गया था। शिवसेना नेता आनंद दुबे ने कहा कि हमारे देश में 1947 के बाद से आज तक जो घटना घटी हैं, प्रधानमंत्री उसकी का जिक्र करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा वही कहा है, जो सच्चाई है। पंडित जवाहर लाल नेहरू के समय में इस देश ने जो-जो तकलीफें झेली हैं, वो किसी से छिपी नहीं है। हमारे देश को नई-नई आजादी मिली थी और उसके बाद प्रधानमंत्री नेहरू के समय में ऐसे फैसले हुए थे, जो देश आज भी भोग रहा है। इसमें सबसे बड़ा जम्मू-कश्मीर का मामला रहा है। सोनिया गांधी की किताब में उन्होंने बहुत सारी बातें लिखी हैं। अब हर बात का हम क्या जवाब देंगे? (Sonia Gandhi Book Controversy)

RLD नेता केसी त्यागी ने कहा कि इसमें कुछ महत्वपूर्ण रहस्य उद्घाटन भी हैं। 1975, 25 जून को आपातकाल की जो घोषणा हुई थी, जिसमें सभी लोकतांत्रिक अधिकार समाप्त हो गए थे। उसके मुख्य सूत्रधार, संजय गांधी, बंसीलाल, ओम मेहता थे। इसका जिक्र सोनिया गांधी ने अपनी किताब में किया है। RLD नेता मलूक नागर ने कहा कि कांग्रेस के जो दूसरे बड़े नेता रहे हैं, जिनमें राष्ट्रपति भी रहे हैं, उनके बारे में आज ये बताया जा रहा है कि कब नाराजगी हुई, उनकी प्रधानमंत्री बनने की इच्छा अधूरी रह गई। ये सब बताया जा रहा है तो ये भी बताएं कि उस समय राजीव गांधी और सोनिया गांधी को लेकर इंदिरा गांधी का क्या विवाद था, जो उन्हें मुंबई में कई महीनों तक अमिताभ बच्चन के घर रहना पड़ा? उसका भी जिक्र करना चाहिए। वे उसका जिक्र नहीं करेंगे, दूसरों पर आरोप-प्रत्यारोप करेंगे तो मेरे हिसाब से ये पुस्तक ईमानदारी से नहीं लिखी गई है। कम से कम देखने से यही लगता है।

Back to top button
error: Content is protected !!