Google Analytics —— Meta Pixel

अयोध्या में रामनवमी पर अभिजीत मुहूर्त में रामलला का सूर्य तिलक, 9 मिनट तक ललाट पर पड़ी सूर्य किरणें

Surya Tilak of Ramlala: अयोध्या में रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को दोपहर 12 बजे अभिजीत मुहूर्त में रामलला का भव्य सूर्य तिलक हुआ। इस दौरान करीब 9 मिनट तक भगवान के ललाट पर विशेष रूप से केंद्रित सूर्य की किरणें पड़ी, जिसे देखने के लिए देशभर के श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। प्राण-प्रतिष्ठा के बाद यह रामलला का दूसरा सूर्य तिलक था। इस ऐतिहासिक क्षण को PM नरेंद्र मोदी ने भी टीवी के माध्यम से लाइव देखा। इस दौरान वे हाथ जोड़कर खड़े नजर आए।

यह भी पढ़ें:- तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, 4 घायल

अभिजीत मुहूर्त में सूर्य तिलक के साथ ही रामलला के जन्म का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। गर्भगृह में 14 पुजारियों की मौजूदगी में विशेष पूजा-अर्चना और आरती की गई। सूर्य तिलक के बाद कुछ समय के लिए मंदिर के पट बंद कर दिए गए, जिसके बाद भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। रामलला के सूर्य तिलक के लिए अत्याधुनिक और पारंपरिक तकनीक का संगम देखने को मिला। अष्टधातु के करीब 20 पाइपों से 65 फीट लंबा विशेष स्ट्रक्चर तैयार किया गया था। इसमें 4 लेंस और 4 दर्पण लगाए गए थे, जिनकी मदद से सूर्य की किरणों को सीधे गर्भगृह तक पहुंचाया गया।

यह पूरी प्रक्रिया बिना बिजली के विशेष गियर सिस्टम के माध्यम से संचालित हुई, जिसमें सूर्य की किरणें छत पर लगे रिफ्लेक्टर से होते हुए अलग-अलग लेंस और दर्पणों से गुजरकर रामलला के मस्तक तक पहुंची। रामलला को इस अवसर पर स्वर्ण जड़ित पीतांबर वस्त्र पहनाए गए। उन्हें सोने का मुकुट और आभूषणों से अलंकृत किया गया। सूर्य तिलक से पहले पंचामृत अभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुबह 5:30 बजे से ही मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो गई थी। गर्भगृह को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।

दर्शन का बढ़ाया गया समय, उमड़ी भारी भीड़

रामनवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन का समय बढ़ा दिया गया। अब सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक यानी कुल 18 घंटे श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर पा रहे हैं। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुताबिक मंदिर परिसर समेत राम पथ, भक्ति पथ और जन्मभूमि पथ पर भारी भीड़ देखी जा रही है। अनुमान है कि करीब 10 लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। शहर के लगभग 10 हजार मंदिरों में भी श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे हैं। रामनवमी के मद्देनजर अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद की गई है। (Surya Tilak of Ramlala)

उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ-साथ NDRF, STF और NSG कमांडो की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल लगाया गया है और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। डॉग स्क्वाड के साथ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, घाटों और मंदिर परिसर के आसपास विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके। रामनवमी पर अयोध्या में आस्था, तकनीक और सुरक्षा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां लाखों श्रद्धालुओं ने रामलला के सूर्य तिलक के दिव्य क्षण के साक्षी बनकर इस ऐतिहासिक आयोजन को यादगार बना दिया।

Back to top button
error: Content is protected !!