Suspicious death in custody : बिलासपुर सेंट्रल जेल में विचाराधीन बंदी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप

Suspicious death in custody : बिलासपुर सेंट्रल जेल में एक विचाराधीन बंदी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान मस्तूरी क्षेत्र के बिनैका निवासी कन्हैया सोनी (20) के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने एक माह पूर्व मारपीट के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
यह भी पढ़ें :- Bride elopes with lover : बिलासपुर में नई नवेली दुल्हन अपने लवर संग भागी, समाज ने परिवार पर लगाया 50 हजार का जुर्माना
जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने बताया कि शनिवार को बंदी की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसका इलाज जेल अस्पताल में किया गया। स्थिति गंभीर होने पर रविवार रात उसे सिम्स रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सोमवार को परिजनों को सूचना दी गई।
मृतक के परिजन जब सिम्स पहुंचे तो शव की हालत देखकर हैरान रह गए। बिलखते परिजनों ने आरोप लगाया कि कन्हैया पूरी तरह स्वस्थ था, उसे कोई बीमारी नहीं थी। परिजनों ने जेल प्रशासन पर मारपीट और लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। (Suspicious death in custody)
कन्हैया के चाचा अशोक कुमार सोनी ने बताया कि शुक्रवार तक वह बिल्कुल ठीक था, अचानक तबीयत बिगड़ने और फिर मौत होना संदेहास्पद है। उन्होंने आशंका जताई कि जेल में उसे प्रताड़ित किया गया होगा, जिसकी वजह से उसकी जान गई।
मृतक के पड़ोसी ओम प्रकाश टंडन ने भी प्रशासन पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि यदि समय पर सही इलाज मिलता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने जेल परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की है, ताकि मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें। (Suspicious death in custody)
इस बीच, सिविल लाइन थाना प्रभारी एसआर साहू ने बताया कि कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव का पंचनामा और पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा होगा। (Suspicious death in custody)



