भारत बना टी-20 विश्व चैंपियन: न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार जीता वर्ल्ड कप का ताज

T20 World Cup 2026: अहमदाबाद। भारतीय क्रिकेट टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए टी-20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया। अहमदाबाद के Narendra Modi Stadium में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने शानदार बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड को पूरी तरह से मात दे दी। इस जीत के साथ ही भारत ने लगातार दूसरी बार टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया और तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने का इतिहास रच दिया।
भारत की तूफानी बल्लेबाजी, 255 रनों का विशाल स्कोर
- टॉस जीतकर न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय ओपनर्स ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। पावरप्ले में ही भारत ने बिना विकेट गंवाए 92 रन बना लिए।
- अभिषेक शर्मा ने मात्र 21 गेंदों में 52 रन की विस्फोटक पारी खेली और टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 89 रन की बेहतरीन पारी खेली।
- ईशान किशन ने भी 23 गेंदों में 54 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर स्कोर को और मजबूत किया। अंत में शिवम दुबे ने केवल 8 गेंदों में 26 रन बनाकर टीम को 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।
भारतीय गेंदबाजों का कहर, न्यूजीलैंड 159 पर सिमटी
256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती ओवरों में ही अपने प्रमुख विकेट गंवा दिए। फिल एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स और मार्क चैपमैन जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गए। हालांकि टिम साइफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन की आक्रामक पारी खेलकर संघर्ष करने की कोशिश की, जबकि कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। पूरी न्यूजीलैंड टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई। (T20 World Cup 2026)
बुमराह और अक्षर की घातक गेंदबाजी
भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को पूरी तरह से दबाव में रखा।
जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल ने 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा हार्दिक पंड्या और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक सफलता मिली।
तीसरी बार विश्व विजेता बना भारत
इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने टी-20 विश्व कप का खिताब तीसरी बार अपने नाम कर लिया। साथ ही लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतकर भारतीय क्रिकेट ने अपना दबदबा एक बार फिर साबित कर दिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में खुशी और उत्साह का माहौल है।

स्कोरकार्ड:
भारत – 255/5 (20 ओवर)
न्यूजीलैंड – 159 (19 ओवर)
परिणाम: भारत 96 रनों से विजयी।
यह भी पढ़ें : FASTag यूजर्स सावधान: फर्जी QR कोड और वेबसाइट से हो रही साइबर ठगी



