Google Analytics —— Meta Pixel

वेस्टइंडीज की बड़ी जीत से भारत पर बढ़ा दबाव, सेमीफाइनल की राह हुई मुश्किल, हर मैच से बदल रहा समीकरण

T20 World Cup 2026: T-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में मुकाबले रोमांचक हो गए हैं। सोमवार को वेस्टइंडीज ने अपने पहले सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 107 रन से हराकर ग्रुप में मजबूत बढ़त बना ली। इस बड़ी जीत के साथ ही भारतीय टीम की राह मुश्किल हो गई है। भारत को अपने पहले सुपर-8 मैच में दक्षिण अफ्रीका के हाथों 76 रन से हार का सामना करना पड़ा था। बता दें कि सुपर-8 में सिर्फ ग्रुप की टॉप-2 टीमें ही सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सुपर-8 में भारत के लिए अब हर मुकाबला करो या मरो जैसा हो गया है। टीम को अपने दोनों बचे हुए मैच जीतने ही होंगे।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में नक्सल संगठन को बड़ा झटका, टॉप नक्सली लीडर थिप्परी तिरुपति उर्फ देवजी ने किया सरेंडर

अगर भारत वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे को हरा देता है तो उसके कुल 4 अंक हो जाएंगे। अगर दक्षिण अफ्रीका भी अपने बाकी दोनों मैच जीत लेता है तो भारत और दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगे। अगर भारत दोनों मैच जीतता है और दक्षिण अफ्रीका एक मैच हार जाता है तो तीन टीमें 4-4 अंकों पर बराबर हो सकती हैं। ऐसे में फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा। अगर दक्षिण अफ्रीका अपने दोनों मैच हार जाता है और भारत दोनों जीत जाता है तो भारत और वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में जगह बना सकते हैं। (T20 World Cup 2026)

वेस्टइंडीज को हराना आसान नहीं

भारत अगर दो में से सिर्फ एक मुकाबला जीतता है तो उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं लगभग खत्म हो जाएंगी, चाहे अन्य टीमों के परिणाम कुछ भी हों। भारतीय टीम का अगला मैच 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ चेन्नई में होगा, जबकि 1 मार्च को कोलकाता में वेस्टइंडीज से भिड़ंत होगी। दोनों मैच शाम 7 बजे से खेले जाएंगे। वेस्टइंडीज इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में है और अब तक अपने सभी 5 मुकाबले जीत चुकी है। टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों संतुलित नजर आ रही हैं, ऐसे में भारत के लिए यह चुनौती आसान नहीं होगी। (T20 World Cup 2026)

दक्षिण अफ्रीका की स्थिति मजबूत

दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराकर सुपर-8 में दमदार शुरुआत की है। अब उसे 26 फरवरी को अहमदाबाद में वेस्टइंडीज और 1 मार्च को दिल्ली में जिम्बाब्वे से खेलना है। अगर टीम अपने दोनों मैच जीत लेती है तो उसका सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय माना जाएगा। सुपर-8 में चार-चार टीमों के दो ग्रुप बनाए गए हैं। हर टीम को अपने ग्रुप में तीन-तीन मुकाबले खेलने है। एक ग्रुप में कुल 6 मैच और दोनों ग्रुप मिलाकर 12 मुकाबले निर्धारित है, जिसमें से अब तक 4 मैच खेले जा चुके हैं। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में होगा। फाइनल मुकाबला 8 मार्च को आयोजित किया जाएगा।

ऐसे समझे पॉइंट्स टेबल का पूरा गणित

T-20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-1 का समीकरण थोड़ा पेचीदा जरूर है, लेकिन हम इसे आसान भाषा में समझते हैं। सबसे पहले मान लेते हैं कि भारत अपने दोनों बचे मैच जीत जाता है। यानी भारत के पास 4 अंक हो जाएंगे। इसके बाद खेल साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज पर आकर टिक जाता है। अगर साउथ अफ्रीका दोनों मैच जीत लेता है तो उसके 6 अंक हो जाएंगे। ऐसे में वेस्टइंडीज बाहर हो जाएगा। अगर साउथ अफ्रीका एक जीते, एक हारे तो उसके 4 अंक होंगे। तब भारत, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज तीनों के अंक बराबर हो सकते हैं। फैसला नेट रन रेट से होगा। (T20 World Cup 2026)

सेमीफाइनल के लिए भारत को जीतने होंगे दोनों मैच

अगर साउथ अफ्रीका दोनों मैच हार जाए तो उसके सिर्फ 2 अंक रहेंगे। भारत और वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगे। अगर वेस्टइंडीज दोनों मैच हार जाए तो भारत और साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में जाएंगे। अगर वेस्टइंडीज एक जीते, एक हारे तो फिर से नेट रन रेट का खेल शुरू हो जाएगा। यानी साफ है कि अगर भारत अपने दोनों मुकाबले जीत लेता है तो सेमीफाइनल का टिकट लगभग पक्का है, लेकिन दूसरी टीम का फैसला साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के प्रदर्शन और नेट रन रेट के गणित पर टिका रहेगा। (T20 World Cup 2026)

Back to top button
error: Content is protected !!