US Iran Conflict : सीजफायर के बीच फिर भड़का तनाव! अमेरिका ने ईरान पर किए ताबड़तोड़ हमले
US Iran Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम और शांति वार्ता की खबरों के बीच खाड़ी क्षेत्र से एक बार फिर बड़े सैन्य तनाव की सूचना सामने आई है। अमेरिकी सेना ने गुरुवार तड़के दक्षिणी ईरान के रणनीतिक बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में नए सिरे से हवाई हमले किए। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई, जब दोनों देशों के बीच संभावित समझौते और कमर्शियल रूट बहाल होने की चर्चाएं तेज थीं।
रायटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने पुष्टि की है कि यह ऑपरेशन होर्मुज जलडमरूमध्य में तैनात अमेरिकी सुरक्षा बलों और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा के लिए किया गया। अमेरिका का दावा है कि ईरान की ओर से बढ़ते ड्रोन खतरे को देखते हुए यह कार्रवाई जरूरी थी। (US Iran Conflict)
4 ईरानी लड़ाकू ड्रोन मार गिराने का दावा
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, होर्मुज जलमार्ग के आसपास सक्रिय ईरान के चार लड़ाकू ड्रोन अमेरिकी वायुसेना ने मार गिराए। अधिकारियों का कहना है कि ये ड्रोन अमेरिकी नौसैनिक जहाजों के लिए सीधा खतरा बन रहे थे।
इसके बाद अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने बंदर अब्बास स्थित एक ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन को निशाना बनाया, जहां से कथित तौर पर पांचवें ड्रोन को लॉन्च करने की तैयारी चल रही थी।
उधर, ईरान की अर्ध-आधिकारिक फार्स न्यूज एजेंसी ने भी बंदर अब्बास नौसैनिक अड्डे के आसपास जोरदार विस्फोटों की पुष्टि की है। रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 1:30 बजे लगातार तीन धमाकों की आवाज सुनी गई, जिसके बाद एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय करना पड़ा।
अमेरिका बोला- सीजफायर बचाने के लिए की कार्रवाई
गौरतलब है कि अप्रैल की शुरुआत में अमेरिका और ईरान के बीच आधिकारिक युद्धविराम लागू हुआ था। ताजा हमलों पर सफाई देते हुए अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह रक्षात्मक थी और युद्धविराम को बनाए रखने के उद्देश्य से की गई।
हालांकि, इससे पहले भी अमेरिका दक्षिणी ईरान में हवाई हमले कर चुका है, जिसे ईरान लगातार सीजफायर का उल्लंघन बता रहा है।
ट्रंप ने खारिज की समझौते की खबरें
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी मीडिया में चल रही उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि अमेरिका और ईरान के बीच एक अनौपचारिक समझौता हो गया है।
ईरानी मीडिया के अनुसार, प्रस्तावित समझौते में ईरान और ओमान संयुक्त रूप से होर्मुज जलमार्ग का संचालन करते और बदले में अमेरिका नाकेबंदी हटाकर अपनी सैन्य मौजूदगी कम करता।
हालांकि, वॉशिंगटन में कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रंप ने साफ कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य किसी एक देश के नियंत्रण में नहीं जाएगा। उन्होंने ओमान को भी चेतावनी देते हुए कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र है और सभी देशों को सामान्य नियमों का पालन करना होगा।
ट्रंप के इस बयान के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। (US Iran Conflict)



