भारत के खिलाफ साजिश रचने वाले पाकिस्तान के कराची आर्मी कैंप पर आतंकी हमला, शहबाज-मुनीर राज में 27% बढ़े आतंकी हमले

Terror Backfires on Pakistan: कहावत है कि आस्तीन के सांपों की फितरत कभी नहीं बदलती, उन्हें चाहे जितना मर्जी दूध पिला लो, वो एक दिन अपने ही पालने वाले को डसते जरूर हैं। कंगाल और बेहाल पाकिस्तान आज अपने इसी कर्मों की सजा भुगत रहा है, जो देश दशकों तक दुनियाभर में आतंक की फैक्ट्रियां चलाता रहा और भारत को जख्म देने के सपने देखता रहा, आज वह खुद बारूद के ढेर पर बैठा है। दुनिया में ‘आतंक का आका’ कहे जाने वाले पाकिस्तान में अब बंदूकें उसकी अपनी ही सुरक्षा एजेंसियों पर तन गई हैं। कराची में पैरामिलिट्री हेडक्वार्टर पर हुए ताजा आतंकी हमले ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि आतंक का वायरस अब खुद पाकिस्तान के लिए ही आउट ऑफ कंट्रोल हो चुका है।
यह भी पढ़ें:- संत कबीर का लोकदर्शन: सत्य, प्रेम और श्रेष्ठ कर्म की संस्कृति
यह खौफनाक वारदात शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे की है। कराची का पॉश इलाका गुलिस्तान-ए-जौहर अचानक गोलियों की गड़गड़ाहट और हैंड ग्रेनेड के धमाकों से कांप उठा। आतंकियों के निशाने पर सीधे सिंध रेंजर्स का पैरामिलिट्री हेडक्वार्टर था। चश्मदीदों के मुताबिक आतंकियों ने बेहद आक्रामक रणनीति अपनाई थी। आतंकियों से भरी एक गाड़ी आई, जिसने मुख्य गेट को किसी बख्तरबंद गाड़ी की तरह टक्कर मारकर तोड़ दिया और सीधे परिसर के भीतर दाखिल हो गई। इसके बाद जो हुआ, उसने पाकिस्तान के सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ा कर रख दी। रेंजर्स के मुख्यालय के भीतर करीब 90 मिनट तक सीधी जंग चली। इस भीषण मुठभेड़ में 4 पाकिस्तानी रेंजर्स ढेर हो गए, जबकि जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने 6 आत्मघाती आतंकियों को मार गिराया। (Terror Backfires on Pakistan)
जानिए क्या है जमात-उल-अहरार ?
इस हमले की जिम्मेदारी जमात-उल-अहरार (JuA) नाम के आतंकी संगठन ने ली है। यह कोई नया नाम नहीं है, बल्कि यह ‘तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान’ (TTP) का ही एक बेहद खूंखार और बेरहम धड़ा है। यह वही TTP है जिसे कभी पाकिस्तानी सेना और खुफिया एजेंसी ISI ने अपने पड़ोसी मुल्कों के खिलाफ इस्तेमाल करने के लिए पाला-पोसा था, लेकिन आज यही भस्मासुर बनकर सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की फौज का शिकार कर रहा है। इस आतंकी संगठन का गठन साल 2014 में हुआ था। इसकी नींव TTP के पूर्व प्रमुख कमांडर उमर खालिद खुरासानी ने रखी थी। शुरुआती मतभेदों के कारण यह TTP से अलग हो गया था, लेकिन साल 2020 में यह दोबारा TTP का हिस्सा बन गया। बर्बरता और खूनी इतिहास के कारण अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र (UN) ने इसे अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठन घोषित कर रखा है। यह संगठन मुख्य रूप से पाकिस्तानी सेना, सुरक्षाकर्मियों, सरकारी ठिकानों और अफगानिस्तान सीमा से लगे खैबर पख्तूनख्वा में नागरिकों को निशाना बनाता है।
मुनीर-शहबाज की नाकामी, आंकड़े खोल रहे पोल
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ आज भीख का कटोरा लेकर दुनिया के सामने घूम रहे हैं और उनके अपने ही घर में आतंकी उनके जवानों की बलि ले रहे हैं। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज (PICSS) और ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स के आंकड़े मुनीर और शहबाज सरकार की नाकामी का कच्चा चिट्ठा खोल रहे हैं। अप्रैल से मई के बीच पाकिस्तान में आतंकी हमलों में 27% की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। सिर्फ मई महीने के भीतर पूरे पाकिस्तान में 128 आतंकी हमले हुए। ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स के मुताबिक पिछले एक साल में पाकिस्तान के भीतर 1,000 से ज्यादा आतंकी हमले हुए हैं, जिनमें 1,100 से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। खैबर पख्तूनख्वा (KPK) और बलूचिस्तान प्रांत इस वक्त पूरी तरह गृहयुद्ध की आग में झुलस रहे हैं। (Terror Backfires on Pakistan)
कागजी रिपोर्ट में उलझी हुकूमत, तख्तापलट का डर !
यह पहली बार नहीं है जब कराची इस तरह दहला हो। इससे पहले फरवरी 2023 में कराची पुलिस ऑफिस (KPO) पर बड़ा हमला हुआ था। वहीं अक्टूबर 2024 में कराची एयरपोर्ट के पास बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने आत्मघाती धमाका कर शहबाज सरकार की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी थी। हमले के बाद हमेशा की तरह सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह और गृहमंत्री जियाउल हसन सिर्फ कागजों पर रिपोर्ट मांग रहे हैं और उच्चस्तरीय बैठकें कर रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि रिपोर्ट मांगने से आतंकी हमले नहीं रुकते। पाकिस्तान आज भुखमरी, कंगाली और आतंकवाद के ऐसे त्रिकोण में फंस चुका है, जहां से उसका सुरक्षित निकलना नामुमकिन दिखाई दे रहा है, जो मुल्क कश्मीर में आतंकियों की घुसपैठ कराने के लिए दिन-रात साजिशें रचता है, क्या वह अपने ही वजूद को बचा पाएगा? शहबाज शरीफ और जनरल मुनीर को अब यह समझ लेना चाहिए कि भारत के खिलाफ साजिशें रचने का वक्त खत्म हो चुका है। अब वक्त खुद के मुल्क को दिवालिया और तबाह होने से बचाने का है। अगर पाकिस्तान अब भी नहीं संभला तो वह दिन दूर नहीं जब इस्लामाबाद के तख्त पर मुनीर की फौज नहीं, बल्कि यही आतंकी बैठे नजर आएंगे।



