Google Analytics —— Meta Pixel

जंतर-मंतर छात्र आंदोलन के जरिए दहशत फैलाने की साजिश! पंजाब पुलिस ने ISI समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़

Terror Module Busted: पंजाब पुलिस ने ISI समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 9 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में 4 नाबालिग शामिल हैं। जांच में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ है कि गिरफ्तार किए गए 9 में से 8 संदिग्ध दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन में भी शामिल हुए थे। पुलिस का दावा है कि ये आरोपी छात्रों के भेष में आंदोलन के बीच मौजूद रहे और पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलर के निर्देश पर बड़े आतंकी हमले की तैयारी कर रहे थे। पंजाब पुलिस के मुताबिक इन संदिग्धों की योजना जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस को निशाना बनाने की थी। इसके लिए पेट्रोल बम और हथियारों का इस्तेमाल किया जाना था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि हमले के बाद देश में बड़े पैमाने पर हिंसा और सांप्रदायिक तनाव फैलाने की साजिश रची गई थी।

यह भी पढ़ें:- आर्टिकल 370 हटने के 7 साल, जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा सख्त, एक दिन के लिए रोकी गई अमरनाथ यात्रा, विपक्ष ने मनाया ब्लैक डे 

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जांच में सामने आया है कि यह समूह पहले दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचा था। वहां उन्हें स्थानीय स्तर पर पेट्रोल बम बनाने के लिए आवश्यक सामग्री और अन्य लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराई गई थी। पुलिस का दावा है कि यह सहायता पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर के निर्देश पर उपलब्ध कराई गई थी। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के कारण आरोपी अपने मंसूबों को अंजाम नहीं दे सके और बाद में पंजाब लौट गए, जहां खुफिया सूचना के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी दो अलग-अलग आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा थे। पहला मॉड्यूल पंजाब में संवेदनशील स्थानों की जानकारी जुटाकर पाकिस्तान भेजने का काम कर रहा था। (Terror Module Busted)

भारी मात्रा में हथियार और पेट्रोल बम बरामद

दूसरा मॉड्यूल दिल्ली में आतंकी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में लगा था। जांच में यह भी सामने आया कि रेलवे ट्रैक के पास CCTV कैमरे लगाकर उनकी लाइव फुटेज पाकिस्तान भेजने की योजना बनाई गई थी, ताकि संवेदनशील गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इनमें 4 पेट्रोल बम, 3 पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस, पेट्रोल, CCTV उपकरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि इन हथियारों का इस्तेमाल दिल्ली में संभावित हमले के लिए किया जाना था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार संदिग्ध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के संपर्क में थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों के तार पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी गिरोह से भी जुड़े हुए थे। गिरफ्तार आरोपियों में हरमन और सुखदेव पहले भी आर्म्स एक्ट के मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं। (Terror Module Busted)

विदेशी फंडिंग और नेटवर्क की जांच

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क, विदेशी फंडिंग, स्थानीय सहयोगियों और ISI हैंडलरों के बीच कनेक्शन की गहन जांच कर रही हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि इस मॉड्यूल में और कौन-कौन लोग शामिल थे और देश के अन्य राज्यों में भी इनके नेटवर्क फैले थे या नहीं। अमृतसर पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया गया। यदि आरोपी अपने मंसूबों में सफल हो जाते तो छात्र आंदोलन के दौरान बड़ा हमला हो सकता था, जिससे राजधानी दिल्ली में व्यापक हिंसा और कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति पैदा होने की आशंका थी। जंतर-मंतर के छात्र आंदोलन तक आतंकियों के पहुंचने का दावा, ISI कनेक्शन, पेट्रोल बम और हथियारों की बरामदगी और दो आतंकी मॉड्यूल के भंडाफोड़ ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सिर्फ एक मॉड्यूल था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है? पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हैं। आने वाले दिनों में जांच में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!