Google Analytics —— Meta Pixel

नहीं रहीं पंडवानी की अमर आवाज़, पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई का निधन

रायपुर एम्स में ली अंतिम सांस, छत्तीसगढ़ समेत देशभर में शोक की लहर; लोककला जगत को अपूरणीय क्षति

रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को विश्व पटल पर पहचान दिलाने वाली अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त पंडवानी गायिका एवं पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई का रविवार तड़के 3:15 बजे रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में निधन हो गया। वह 72 वर्ष की थीं। लंबे समय से अस्वस्थ चल रही तीजन बाई का अस्पताल में उपचार जारी था। उनके निधन से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के कला एवं संस्कृति जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

दुर्ग जिले के गनियारी गांव में 24 अप्रैल 1956 को एक साधारण परिवार में जन्मी तीजन बाई ने अपनी अद्भुत गायन शैली, दमदार मंचीय प्रस्तुति और प्रभावशाली अभिनय के दम पर पंडवानी लोकगायन को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। उन्होंने महाभारत की कथाओं को अपनी विशिष्ट शैली में प्रस्तुत कर देश-विदेश के लाखों दर्शकों का दिल जीता।

बचपन से ही उन्हें महाभारत की कथाएं सुनने और गाने का शौक था। सामाजिक विरोध और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने अपने जुनून को कभी नहीं छोड़ा। उस समय महिलाओं के लिए पंडवानी की ‘कापालिक शैली’ में प्रस्तुति देना वर्जित माना जाता था, लेकिन तीजन बाई ने इस परंपरा को तोड़ते हुए अपनी अलग पहचान बनाई। महज 13 वर्ष की उम्र में उन्होंने चंद्रखुरी में पहली सार्वजनिक प्रस्तुति देकर अपने सफर की शुरुआत की।

प्रसिद्ध रंगकर्मी हबीब तनवीर ने उनकी असाधारण प्रतिभा को पहचानकर उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाया। इसके बाद तीजन बाई ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी सहित देश और दुनिया के कई राष्ट्राध्यक्षों के समक्ष अपनी यादगार प्रस्तुतियां दीं।

उन्होंने अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, जापान, रूस, ऑस्ट्रेलिया, तुर्की, मॉरीशस समेत 17 से अधिक देशों में पंडवानी का मंचन कर छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति का परचम लहराया। उनकी कला को देश-विदेश में व्यापक सराहना मिली।

लोककला के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें वर्ष 1988 में पद्मश्री, 1995 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, 2003 में पद्मभूषण तथा 2019 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।

तीजन बाई केवल एक लोकगायिका नहीं थीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक थीं। उन्होंने अपना पूरा जीवन पंडवानी और लोककला के संरक्षण एवं संवर्धन को समर्पित कर नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य किया। उनके निधन से लोककला जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।

Back to top button
error: Content is protected !!