समाज की प्रगति ही राष्ट्र की उन्नति का आधार : मंत्री टंकराम वर्मा
रायपुर। प्रदेश के राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि समाज की प्रगति ही राष्ट्र की उन्नति का आधार होती है। उन्होंने साहू समाज के गौरवशाली इतिहास और सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता ही विकास की सबसे बड़ी ताकत है।
यह भी पढ़े :- Balodabazar News : एक महीने से लापता पटवारी निलंबित, प्रशासन की सख्त कार्रवाई
मंत्री वर्मा ग्राम निनंवा में आयोजित ‘माँ कर्मा साहू समाज भवन’ के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि माँ कर्मा देवी के आशीर्वाद से निर्मित यह भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, संस्कार और शिक्षा का केंद्र बनेगा। यह भवन आने वाली पीढ़ियों के शैक्षिक एवं सामाजिक उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। रायपुर जिले के ग्राम निनंवा में इस भवन के निर्माण से सामाजिक एकजुटता और विकास का नया अध्याय शुरू हुआ है, जो सम्मान और गौरव का प्रतीक है।
कार्यक्रम का आयोजन भक्तिमय और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता साहू संघ के मनीराम साहू ने की। इस अवसर पर देवनाथ साहू, राजू शर्मा और अनिल अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
समारोह में समाज के प्रतिभावान व्यक्तियों एवं वरिष्ठ जनों का सम्मान भी किया गया। लोकार्पण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।



