Chhattisgarh News : अंबिकापुर हटाने पर बवाल: पथराव के बीच 37 मकान ढहाए
Chhattisgarh News : अंबिकापुर जिले के गंगापुर क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए चिन्हित लगभग 7 एकड़ शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को मंगलवार को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध के बीच पथराव और हंगामे की स्थिति बनी रही, हालांकि सुरक्षा बलों की मौजूदगी में प्रशासन ने 37 अवैध मकानों को ध्वस्त कर जमीन खाली कराने की कार्रवाई पूरी की।
यह भी पढ़े :- CG Board Exam Update : 12वीं हिंदी बोर्ड परीक्षा रद्द: पेपर लीक के बाद 10 अप्रैल को होगी दोबारा परीक्षा
बुलडोजर पहुंचते ही शुरू हुआ विरोध
सुबह प्रशासनिक अमला बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंचा तो स्थानीय लोग विरोध में उतर आए। कई लोग मशीनों के सामने खड़े हो गए, वहीं महिलाएं अपने घर बचाने की गुहार लगाते हुए रोती-बिलखती नजर आईं। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया और महिला पुलिसकर्मियों की मदद से लोगों को हटाकर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई। (Chhattisgarh News)
पथराव में मशीन क्षतिग्रस्त
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने जेसीबी और प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया, जिससे एक मशीन का फ्रंट मिरर टूट गया। इसके बाद मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया और कार्रवाई जारी रखी गई।
नोटिस के बावजूद नहीं हटे कब्जाधारी
प्रशासन के अनुसार, गंगापुर में मेडिकल कॉलेज के लिए आवंटित भूमि पर करीब 37 लोगों ने लंबे समय से कब्जा कर रखा था। इन्हें कई बार नोटिस जारी किए गए थे। एक सप्ताह पूर्व अंतिम नोटिस देने के बाद मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
हाईकोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद कार्रवाई
बताया गया कि कब्जाधारियों को वर्ष 2000 में ही बेदखली का नोटिस दिया गया था, जिसके खिलाफ वे अदालत पहुंचे थे। वर्ष 2025 में पुनः सुनवाई के बाद बेदखली का आदेश जारी हुआ और हाल ही में हाईकोर्ट ने भी याचिका खारिज कर दी। इसके बाद प्रशासन ने अंतिम नोटिस जारी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
मुआवजा व पुनर्वास नहीं मिलने का आरोप
पूर्व पार्षद बालकेश्वर तिर्की ने दावा किया कि क्षेत्र में 60 से अधिक मकान हैं और प्रभावित परिवारों को न तो उचित मुआवजा मिला है और न ही पुनर्वास की व्यवस्था की गई है। प्रभावित लोगों का कहना है कि अब उनके पास रहने के लिए कोई ठिकाना नहीं बचा और वे अस्थायी झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं।
भारी पुलिस बल की तैनाती
पूरे अभियान का नेतृत्व प्रशासनिक अधिकारियों फागेश सिन्हा और उमेश बाज ने किया, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए अमोलक सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन का कहना है कि मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए भूमि खाली कराना आवश्यक था और आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। (Chhattisgarh News)



