छत्तीसगढ़िया पत्रकार महासंघ के प्रदेश कार्यकारिणी की हुई बैठक, संघ विस्तार के साथ विभिन्न मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
Chhattisgarhiya Patrakar Mahasangh : छत्तीसगढ़िया पत्रकार महासंघ की पहली प्रदेश कार्यकारिणी बैठक रायपुर के मोतीबाग चौक स्थित मार्डन कॉम्प्लेक्स कार्यालय में संपन्न हुई। इस अवसर पर महासंघ के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र रथ वर्मा के संबोधन से हुई।
यह भी पढ़े :- Amit Shah in Bastar : विकास की यशोगाथा बनेगा बस्तर ओलंपिक : केन्द्रीय गृहमंत्री शाह
उन्होंने कहा कि लंबे समय से एक मंच की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जहां छत्तीसगढ़ के प्रादेशिक पत्रकार अपनी मातृभाषा छत्तीसगढ़ी में संवाद कर सकें और प्रादेशिक पत्रकारिता को विश्वसनीयता के साथ आगे बढ़ाया जा सके। यह उद्देश्य अब छत्तीसगढ़िया पत्रकार महासंघ के रूप में साकार हो रहा है।
महासंघ की मजबूती के लिए साझा किए विचार
बैठक में महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष नवीन देवांगन और पुनीत सोनकर ने मातृभाषा छत्तीसगढ़ी में पत्रकारिता के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रदेश कोषाध्यक्ष अशोक कुमार साहू और मुकेश टिकरिहा ने संघ के संचालन के लिए मजबूत कार्यप्रणाली विकसित करने का प्रस्ताव रखा। वहीं, प्रदेश विधिक व कानून मंत्री डॉ. ताराचंद चंद्राकर ने केंद्र और राज्य सरकार के नियम-कानूनों पर चर्चा करते हुए संगठन को वैधानिक रूप से संचालित करने की प्रतिबद्धता जताई।
अनुभव और विशेषज्ञता से मिली नई दिशा
महासंघ के रिसर्च टीम प्रमुख अनुराग शर्मा ने आरटीआई और विभिन्न विभागों में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर पत्रकारिता के माध्यम से सुधार लाने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रदेश प्रवक्ता मनोज वर्मा ने महासंघ के उद्देश्यों और पत्रकारों के हित में किए जाने वाले कार्यों पर प्रकाश डाला।
मातृभाषा संरक्षण के लिए पहल
बैठक में पत्रकार और गीतकार ईश्वर साहू ने मातृभाषा छत्तीसगढ़ी की महत्ता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने अपनी आगामी कैलेंडर बछर 2025 के लिए महासंघ से शुभकामनाएं प्राप्त कीं। महासंघ ने मातृभाषा के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी ली।
प्रदेश स्तर पर हुआ कार्यकारिणी विस्तार
कार्यकारिणी में आरंग से न्यूज़ 24 के पत्रकार तुकेश्वर टिक्कू लोधी को प्रदेश महामंत्री के रूप में शामिल किया गया। इसके साथ ही दुर्ग, रायपुर और अन्य क्षेत्रों के कई पत्रकारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी ने संगठन को मजबूत करने और अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लिया।
बैठक का संचालन प्रदेश महासचिव अब्दुल शमीम और प्रदेश सचिव परितोष शर्मा ने कुशलता से किया। महासचिव अब्दुल शमीम ने इसे संगठन निर्माण की पहली मजबूत नींव बताया, जबकि परितोष शर्मा ने इसे छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ियों के हित में एक ऐतिहासिक कदम करार दिया।
संगठन के भविष्य को लेकर आशावान
छत्तीसगढ़ में पहली बार ऐसा हुआ है कि पत्रकार अपनी मातृभाषा और अधिकारों के लिए एकजुट हुए हैं। राज्य निर्माण के 25 वर्षों बाद यह संगठन छत्तीसगढ़ के पत्रकारों के लिए एक मजबूत मंच के रूप में कार्य करेगा। इस आशा और उत्साह के साथ पहली कार्यकारिणी बैठक संपन्न हुई।



