Google Analytics —— Meta Pixel

Falta Re-Election : खुद को ‘पुष्पा’ बताने वाले टीएमसी नेता जहांगीर खान ने चुनाव मैदान छोड़ा

Falta Re-Election : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनावी मैदान से अपना नाम वापस ले लिया है। फलता सीट पर 21 मई को पुनर्मतदान होना है। ऐसे में मतदान से ठीक पहले उम्मीदवार का हटना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

टीएमसी प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि पार्टी को जहांगीर खान के फैसले की जानकारी मिली है, लेकिन नाम वापस लेने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा, “हमें सूचना मिली है कि जहांगीर खान ने फलता उपचुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। पार्टी इस मामले में अधिक जानकारी जुटा रही है।” (Falta Re-Election)

विकास और शांति का हवाला

जहांगीर खान ने अपने फैसले को क्षेत्र के विकास और शांति से जोड़ते हुए कहा कि उनका उद्देश्य फलता में सुरक्षा, शांति और समग्र विकास सुनिश्चित करना था। उन्होंने कहा कि वह फलता को “सोनार फलता” के रूप में विकसित होते देखना चाहते हैं।

खान ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से क्षेत्र के लिए विशेष विकास पैकेज दिया जा रहा है और जनहित को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नामांकन वापस लेने का फैसला किया है।

‘वो सिंघम हैं, तो मैं पुष्पा’

चुनाव प्रचार के दौरान जहांगीर खान का नाम उस वक्त सुर्खियों में आया था, जब आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा को “सिंघम” कहे जाने पर उन्होंने खुद को “पुष्पा” बताया था।

दरअसल, अजय पाल शर्मा ने कथित तौर पर जहांगीर खान के समर्थकों को चेतावनी दी थी कि अगर धमकी का सिलसिला जारी रहा तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके जवाब में जहांगीर खान ने कहा था, “अगर शर्मा सिंघम हैं, तो मैं पुष्पा हूं।”

शुभेंदु अधिकारी का हमला

पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने भी जहांगीर खान पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि “पुष्पा अब मेरी जिम्मेदारी है” और आरोप लगाया था कि जहांगीर खान एक कुख्यात अपराधी है।

मंगलवार को शुभेंदु अधिकारी ने फलता विधानसभा क्षेत्र में रोड शो किया। रोड शो से पहले उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान बड़ी संख्या में बीजेपी समर्थक मौजूद रहे और “जय श्रीराम” के नारे लगाए गए।

हाई प्रोफाइल सीट बनी फलता

फलता विधानसभा क्षेत्र डायमंड हार्बर लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है, जिसका प्रतिनिधित्व टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव Abhishek Banerjee करते हैं।

पुनर्मतदान के चलते यह सीट राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है। हालांकि, चुनाव प्रचार के दौरान Mamata Banerjee, अभिषेक बनर्जी या टीएमसी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने इस क्षेत्र में कोई बड़ी जनसभा या रैली नहीं की। (Falta Re-Election)

यह भी पढ़े :- राष्ट्रों को एकजुट करने का वादा करने वाली ताकतें ही दबाव बनाने के साधन बन गई हैं: सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी

Back to top button
error: Content is protected !!