वियतनाम में दर्दनाक नाव हादसा: 15 भारतीय पर्यटकों की मौत की आशंका, पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख

हनोई/नई दिल्ली, 11 जुलाई (2026): वियतनाम के प्रसिद्ध फू क्वोक द्वीप के पास आज शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जहां भारतीय पर्यटकों से भरी एक स्पीडबोट समुद्र में पलट गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस दुर्घटना में कम से कम 15 भारतीय नागरिकों की मौत होने की आशंका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
हॉन मे रुत से अन थोई बंदरगाह जा रही थी बोट
वियतनामी समाचार पोर्टल ‘वीएन एक्सप्रेस इंटरनेशनल’ के मुताबिक, यह स्पीडबोट 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के 4 सदस्यों को लेकर ‘हॉन मे रुत’ से ‘अन थोई’ बंदरगाह की ओर जा रही थी। इसी दौरान, हॉन मे रुत नगोई से करीब 400 मीटर की दूरी पर बोट अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उस पर सवार सभी 36 लोग समुद्र में गिर गए। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक, कहा- दूतावास कर रहा हर संभव मदद
हादसे पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा:
“वियतनाम के फु क्वोक के पास भारतीय नागरिकों के साथ हुए नाव हादसे की दुखद खबर सुनकर अत्यंत दुख हुआ। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वियतनाम में हमारा दूतावास और महावाणिज्य दूतावास प्रभावितों को हर मुमकिन सहायता प्रदान कर रहे हैं। हमारे अधिकारी वियतनामी प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।”
भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, स्थापित किया कंट्रोल रूम
हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी में भारत के वाणिज्य दूतावास ने स्थिति को संभालने और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आपातकालीन कंट्रोल रूम स्थापित कर दिए हैं। हालांकि, दूतावास ने अभी तक मृतकों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की है, लेकिन तलाश और बचाव अभियान तेजी से जारी है।
दूतावास ने ‘एक्स’ पर आधिकारिक बयान जारी कर कहा, “एक बेहद दुखद घटना में, वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई है। जरूरी जानकारी और सहायता मुहैया कराने के लिए हो ची मिन्ह सिटी में भारत के वाणिज्य दूतावास और हनोई स्थित भारतीय दूतावास में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।” स्थानीय अधिकारी लापता लोगों की तलाश के लिए समुद्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।




