बिलासपुर में कोरबा पैसेंजर और मालगाड़ी के बीच टक्कर, लोको पायलट समेत 8 लोगों की मौत, कई घायल

Train Accident in Bilaspur: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बड़ा रेल हादसा हुआ है, जहां कोरबा पैसेंजर ट्रेन और एक मालगाड़ी के बीच गटौरा स्टेशन के पास लाल खदान क्षेत्र में जोरदार टक्कर हुई। हादसे में लोको पायलट समेत 8 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक कोरबा पैसेंजर ट्रेन दोपहर 1 बजकर 30 मिनट पर कोरबा से रवाना हुई थी। यह ट्रेन जब लाल खदान क्षेत्र यानी जयरामनगर और बिलासपुर के बीच पहुंची, तभी बिलासपुर आउटर पर खड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पैसेंजर ट्रेन के आगे के डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई डिब्बे पटरी से उतर गए।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ देखेगा भारतीय वायुसेना का शौर्य, कल होगा सूर्य किरण एरोबैटिक शो, जानिए समय और जगह
जानकारी के मुताबिक आउटर लाइन पर खड़ी मालगाड़ी से पैसेंजर ट्रेन की सीधी भिड़ंत हुई। ट्रेन में कोरबा, चांपा, अकलतरा और बिलासपुर के अधिकांश यात्री सफर कर रहे थे। हादसे के बाद रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, जिसमें गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त बोगियों को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला जा रहा है। एक बोगी में महिलाएं और बच्चे फंसे हुए थे, जिन्हें निकालने का कार्य देर रात तक जारी रहा। घायलों को रेलवे हॉस्पिटल और बिलासपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। (Train accident in Bilaspur)
रेलवे प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के लिए 10 लाख, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 5 लाख और सामान्य रूप से घायल यात्रियों को 1 लाख की मुआवजा राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे को लेकर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राहत और बचाव कार्य में रेलवे प्रशासन की हर संभव मदद कर रही है। साथ ही मुआवजे का ऐलान भी किया है। उन्होंने कहा कि दिवंगत हुए यात्रियों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार की आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी। (Train accident in Bilaspur)
रेलवे हेल्पलाइन नंबर जारी
हादसे के बाद पूरे रूट पर ट्रेनों का संचालन ठप कर दिया गया है। कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द या रूट डायवर्ट किया गया है। रेलवे ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं और कहा है कि प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या मानवीय भूल की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों और परिजनों की सुविधा के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। रेल प्रशासन ने कहा है कि वरिष्ठ अधिकारी स्थल पर मौजूद हैं और राहत कार्य तेजी से जारी है। (Train accident in Bilaspur)
- बिलासपुर -7777857335, 7869953330
- चांपा -8085956528
- रायगढ़ -9752485600
- पेंड्रा रोड -8294730162
- कोरबा -7869953330
- उस्लापुर -777785733



