Google Analytics —— Meta Pixel

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में ट्रंप की राह मुश्किल, महंगाई और ईरान युद्ध से घटा जनसमर्थन, 3 नवंबर को होगा मतदान

Trump Midterm Elections Challenge: अमेरिका में 3 नवंबर 2026 को होने वाले मिडटर्म चुनाव राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक चुनौती बन गए हैं। बढ़ती महंगाई, ईरान के साथ युद्ध और ट्रंप की गिरती लोकप्रियता ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अलग-अलग जनमत सर्वेक्षणों में रिपब्लिकन पार्टी को कमजोर स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। 10 प्रमुख सर्वेक्षणों में से सिर्फ एक में रिपब्लिकन पार्टी को बढ़त मिली है। ऐसे में अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस के दोनों सदनों में अपना बहुमत बनाए रखना ट्रंप के लिए आसान नहीं होगा। मिडटर्म चुनाव राष्ट्रपति चुनाव से अलग होते हैं। इनमें राष्ट्रपति का चुनाव नहीं किया जाता, बल्कि कांग्रेस के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और ऊपरी सदन सीनेट की सीटों के लिए मतदान होता है। 

यह भी पढ़ें:- मणिपुर में तीन साल से जारी हिंसा में 260 से ज्यादा मौतें, 60 हजार से ज्यादा लोग विस्थापित, फिर बढ़ा तनाव

इन चुनावों को राष्ट्रपति के कामकाज और नीतियों पर जनता की प्रतिक्रिया के रूप में भी देखा जाता है। फिलहाल रिपब्लिकन पार्टी के पास दोनों सदनों में बहुमत है, लेकिन डेमोक्रेटिक पार्टी की बढ़त ट्रंप के राजनीतिक एजेंडे को प्रभावित कर सकती है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग में गिरावट उनकी पार्टी के लिए चिंता का विषय बन गई है। अलग-अलग सर्वेक्षणों में सिर्फ 30 से 36 प्रतिशत लोगों ने उनके कामकाज का समर्थन किया है। NBC न्यूज के सर्वे में 34 प्रतिशत लोगों ने ट्रंप के कामकाज को सही माना, जबकि वॉशिंगटन पोस्ट-ABC न्यूज के सर्वे में यह आंकड़ा 33 प्रतिशत रहा। फॉक्स न्यूज के सर्वेक्षण में 36 प्रतिशत लोगों ने उनका समर्थन किया। वहीं प्यू रिसर्च सेंटर के सर्वे में ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 30 प्रतिशत दर्ज की गई। (Trump Midterm Elections Challenge)

महंगाई ने बढ़ाई परेशानी, रोजमर्रा की चीजें हुईं महंगी

यह गिरावट उनके पहले कार्यकाल के दौरान दर्ज सबसे निचले स्तर से भी कम है। जनवरी 2021 में अमेरिकी संसद परिसर में हुई हिंसा के बाद ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 34 प्रतिशत तक पहुंच गई थी। मौजूदा स्थिति में उनकी लोकप्रियता पर दबाव बढ़ने से रिपब्लिकन उम्मीदवारों के सामने भी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की चुनौती खड़ी हो गई है। 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान ट्रंप ने महंगाई कम करने और आम अमेरिकी परिवारों का खर्च घटाने का वादा किया था, लेकिन बढ़ती कीमतें अब उनकी सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन गई हैं। खाद्य पदार्थों से लेकर ऊर्जा और आवास तक के खर्च ने लोगों के बजट पर दबाव बढ़ाया है। आंकड़ों के मुताबिक अंडे, दूध, ब्रेड, मांस और सब्जियों जैसी जरूरी वस्तुओं की कीमतों में 20 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं घर का औसत किराया करीब 1.60 लाख रुपए तक पहुंच गया है।

ईरान युद्ध से विदेश नीति पर घिरे ट्रंप

तेल और गैस की कीमतों में भी लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी ने घरेलू खर्च बढ़ाया है। वेतन में कुछ वृद्धि के बावजूद महंगाई के कारण लोगों को वास्तविक राहत नहीं मिल पा रही है। रॉयटर्स-इप्सोस के सर्वेक्षण में 78 प्रतिशत लोगों ने माना कि वस्तुओं की कीमतें उनकी कमाई की तुलना में तेजी से बढ़ रही हैं। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक 65 प्रतिशत अमेरिकी नागरिक महंगाई के लिए ट्रंप की नीतियों को जिम्मेदार मानते हैं। राष्ट्रीय स्तर के सर्वेक्षणों में 37 प्रतिशत से ज्यादा अमेरिकी नागरिकों ने महंगाई और बढ़ती कीमतों को देश की सबसे गंभीर समस्या बताया है। ऐसे में आर्थिक मुद्दा मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। ईरान के साथ युद्ध ने ट्रंप की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। युद्ध के कारण तेल बाजार पर दबाव और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अमेरिकी परिवारों के खर्च पर पड़ रहा है। इसके साथ ही ट्रंप की विदेश नीति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। (Trump Midterm Elections Challenge)

अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार बनाने लगे दूरी

NBC न्यूज के सर्वेक्षण में सिर्फ 29 प्रतिशत लोगों ने ईरान युद्ध से निपटने के ट्रंप के तरीके का समर्थन किया। फॉक्स न्यूज के सर्वे में 64 प्रतिशत लोगों ने उनकी विदेश नीति को गलत बताया। हालांकि रिपब्लिकन समर्थकों के बीच ट्रंप को अब भी समर्थन प्राप्त है। AP के सर्वेक्षण में 69 प्रतिशत रिपब्लिकन मतदाताओं ने उनकी विदेश नीति को सही माना। युद्ध और उससे जुड़े आर्थिक दबाव का चुनावी असर इस बात पर निर्भर करेगा कि मतदान तक ऊर्जा की कीमतें और जनता की नाराजगी किस स्तर पर रहती हैं। यदि महंगाई और विदेश नीति के मुद्दे हावी रहते हैं, तो रिपब्लिकन उम्मीदवारों को इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है। ट्रंप की घटती लोकप्रियता का असर रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवारों की रणनीति पर भी दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कड़े मुकाबले वाली 62 सीटों में से 41 सीटों पर रिपब्लिकन उम्मीदवार ट्रंप की कुछ नीतियों से असहमति जता रहे हैं या उनसे दूरी बनाकर चल रहे हैं।

कांग्रेस में बहुमत बचाना क्यों जरूरी ?

इन उम्मीदवारों का उद्देश्य उन मतदाताओं को अपने पक्ष में करना है, जो किसी एक राजनीतिक दल के स्थायी समर्थक नहीं हैं। उम्मीदवारों के सामने दोहरी चुनौती है। ट्रंप के साथ खुलकर खड़े होने पर उनकी गिरती लोकप्रियता का नुकसान उठाना पड़ सकता है, जबकि उनसे ज्यादा दूरी बनाने पर रिपब्लिकन पार्टी के कट्टर समर्थकों की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है। अमेरिकी कांग्रेस के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में कुल 435 सीटें हैं। बहुमत के लिए 218 सीटों की जरूरत होती है। सीनेट में कुल 100 सीटें हैं, जहां सामान्य तौर पर बहुमत का आंकड़ा 51 है। 2026 के मिडटर्म चुनाव में हाउस की सभी 435 सीटों और सीनेट की 35 सीटों पर मतदान होना है। हाउस में रिपब्लिकन पार्टी के बहुमत को बनाए रखने के लिए कुछ सीटों पर हार भी निर्णायक साबित हो सकती है। आंकड़ों के अनुसार रिपब्लिकन पार्टी के पास हाउस में 218 और डेमोक्रेटिक पार्टी के पास 214 सीटें हैं, जबकि तीन सीटें रिक्त बताई गई हैं। ऐसे में सीटों का मामूली अंतर चुनावी मुकाबले को बेहद अहम बनाता है। अगर डेमोक्रेटिक पार्टी कांग्रेस के एक या दोनों सदनों में बहुमत हासिल कर लेती है तो ट्रंप के लिए अपने चुनावी वादों और नीतियों को लागू करना कठिन हो सकता है। 

बहुमत गया तो ट्रंप के एजेंडे पर लगेगा ब्रेक

कांग्रेस की मंजूरी बजट, सरकारी खर्च और नए कानूनों से जुड़े कई अहम फैसलों के लिए जरूरी होती है। विपक्ष के बहुमत में आने पर ट्रंप प्रशासन के प्रस्तावों पर रोक लग सकती है और सरकारी कामकाज की निगरानी बढ़ सकती है। टैरिफ, आव्रजन और वीजा नीतियों के साथ-साथ ईरान युद्ध और सैन्य खर्च को लेकर भी कांग्रेस में ट्रंप प्रशासन पर दबाव बढ़ सकता है। सरकारी फैसलों की जांच और प्रशासनिक जवाबदेही के मुद्दे भी ज्यादा प्रमुख हो सकते हैं। हालांकि रिपब्लिकन पार्टी के पास चुनाव प्रचार के लिए मजबूत आर्थिक संसाधन हैं। इसके अलावा, डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को लेकर मध्यमार्गी मतदाताओं की चिंताएं भी रिपब्लिकन पार्टी के पक्ष में जा सकती हैं। 3 नवंबर 2026 का चुनाव ट्रंप के राष्ट्रपति कार्यकाल के बचे दो सालों की राजनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। महंगाई, ईरान युद्ध और घटती लोकप्रियता रिपब्लिकन पार्टी के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। वहीं डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए कांग्रेस में बहुमत हासिल करने का अवसर है। चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान होता है तो ट्रंप को कानून बनाने, बजट पारित कराने और अपनी नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए विपक्ष के साथ तालमेल करना पड़ सकता है।

Back to top button
error: Content is protected !!