Google Analytics —— Meta Pixel

जम्मू-कश्मीर में 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, अब तक 21 की मौत, 29 से ज्यादा घायल

Udhampur Road Accident Update: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। जबकि 29 से ज्यादा घायल यात्रियों का इलाज जारी है। यह हादसा उस समय हुआ जब रामनगर से उधमपुर आ रही एक यात्री बस कगोत इलाके के पास अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिरकर पलट गई। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे हुए इस हादसे के समय बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। इनमें से ज्यादातर लोग रोजमर्रा के काम के लिए उधमपुर जा रहे थे। हादसे में 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें:- तमिलनाडु के पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में मृतकों की संख्या 25 पहुंची, 22 महिलाएं शामिल, परिजनों ने किया प्रदर्शन

प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के मुताबिक बस ओवरलोड थी और काफी तेज गति से चल रही थी। कगोत नाले के पास अचानक बस का टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस खाई में जा गिरी। दुर्घटना में बस का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस के पलटते ही कई यात्री बाहर जा गिरे। कुछ शव सड़क पर बिखरे मिले, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। गिरने से पहले बस ने एक ऑटो-रिक्शा को भी कुचला था। पुलिस के मुताबिक ऑटो में सवार लोग घायल हुए, लेकिन उनकी जान बच गई।

हादसे के तुरंत बाद मौके से गुजर रहे सेना के एक काफिले ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को बाहर निकालने में मदद की। बाद में क्रेन की सहायता से बस को सीधा किया गया। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में घायल लोगों का इलाज GMC उधमपुर में चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। PM मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बस एक्सीडेंट में हुई मौतों के बारे में सुनकर दुख हुआ, जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। इस दुखद हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपए की मदद दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। (Udhampur Road Accident Update)

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुखद है। इस हादसे में अपना जीवन गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में पूरी तत्परता से लगा हुआ है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि उधमपुर क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में अनेक नागरिकों के देहावसान की सूचना ने मन को पीड़ा पहुंचाई है। ईश्वर परिजनों को उनके इस अत्यंत कठिन समय में मानसिक संबल प्रदान करें। मैं हृदयपूर्वक अपनी संवेदनाएं प्रेषित करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना है।

लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने दिए निर्देश

जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने कहा कि उधमपुर में हुआ दुखद सड़क हादसा दिल दहला देने वाला है। दुखी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। भगवान उन्हें हिम्मत दे। घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। मैंने डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन, पुलिस, SDRF और हेल्थ डिपार्टमेंट को प्रभावित लोगों को हर मुमकिन मदद देने का निर्देश दिया है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को राहत देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 1 लाख रुपए और मामूली चोट वाले घायलों को 25,000 रुपए दिए जाएंगे।

भाजपा विधायक ने उठाए सवाल

भाजपा विधायक आर.एस. पठानिया ने कहा कि ऐसी सड़क दुर्घटना दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है। शायद 70 से ज्यादा लोग उस बस में सवार थे, जिसकी क्षमता 40 लोगों की है। ट्रैफिक पुलिस, ट्रांसपोर्ट विभाग और स्थानीय प्रशासन घेरे में है कि ये बस ओवरलोड क्यों थी ?  प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार को मुख्य वजह माना जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ओवरलोडिंग जैसे गंभीर मुद्दों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की त्रासदियों को टाला जा सके। (Udhampur Road Accident Update)

Back to top button
error: Content is protected !!