केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे की बेटी के साथ छेड़छाड़, महाशिवरात्रि के दिन की घटना, पढ़ें पूरी खबर

Union Minister Daughter Molested: महाराष्ट्र के जलगांव में केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे की बेटी और उनकी सहेलियों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। जलगांव के मुक्ताई नगर इलाके में महाशिवरात्रि के मेले के दौरान कुछ लड़कों ने केंद्रीय मंत्री की बेटी और उसकी सहेलियों के साथ छेड़छाड़ की है। मामले की शिकायत केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ने खुद मुक्ताई नगर थाने पहुंचकर की है। मुक्ताई नगर SDPO कृष्णत पिंगले ने बताया कि 28 फरवरी को कोथली गांव में एक यात्रा थी। इसी यात्रा में अनिकेत घुई और उसके 7 दोस्तों ने 3-4 लड़कियों का पीछा किया और उनके साथ छेड़छाड़ की। उनके खिलाफ POCSO एक्ट के साथ-साथ IT एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में नव उद्यमियों के लिए अपार संभावनाएं: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें भेजी गई है। पुलिस के मुताबिक मेले के दौरान कुछ लड़कों ने रक्षा खडसे की बेटी से छेड़छाड़ की। इसके साथ ही सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ा और उसे भी धमकी दी। लड़के रक्षा खडसे की बेटी और उसकी सहेलियों का वीडियो बना रहे थे, जिसे गार्ड ने जब देखा तो उसने लड़कों को रोका। गार्ड ने मोबाइल जब्त कर जांच की। इसके बाद लड़कों ने सुरक्षाकर्मी से मारपीट शुरू कर दी। सुरक्षाकर्मी ने युवकों को बताया कि यह लड़की केंद्रीय मंत्री की रिश्तेदार है, लेकिन युवक नहीं रुके। केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ने कहा कि मैं केंद्रीय मंत्री के तौर पर नहीं एक मां के तौर पर पुलिस स्टेशन गई थी। परसों रात मेरी बेटी और उसकी सहेलियों के साथ जो घटना हुई, वह निंदनीय है। ऐसी कई माताएं होंगी, जो इससे पीड़ित हैं। उन्हें पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। (Union Minister Daughter Molested)
महाशिवरात्रि के दिन मेला गई थी बेटी: केंद्रीय मंत्री
उन्होंने कहा कि मेरी बेटी और उसकी सहेलियां महाशिवरात्रि के मेले में गई थी, जहां कुछ लोगों ने उनके साथ छेड़छाड़ की। उन्होंने पुलिस गार्ड के साथ भी बदसलूकी की। पुलिस गार्ड की मौजूदगी में भी उनकी इतनी हिम्मत थी कि वे छेड़छाड़ कर रहे थे और वीडियो बना रहे थे। यह बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और इसीलिए मैंने FIR दर्ज कराई है। 30-40 लोग एकत्रित हुए और पुलिस के साथ बदतमीजी करने लगे। वे किसी भी घर में घुस सकते हैं और जो चाहें कर सकते हैं। मैंने पुलिस को सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने मुझे आश्वासन दिया है कि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कई स्कूली लड़कियां यह दावा करते हुए सामने आई है कि ये लोग स्कूल जाते समय उनके साथ छेड़छाड़ करते हैं। मैंने उनसे कहा है कि वे सीधे मेरे पास आएं और पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं। (Union Minister Daughter Molested)
कांग्रेस ने सरकार पर बोला हमला
मामले को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले पर कहा कि इस घटना में शामिल आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं महाराष्ट्र के मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि महाराष्ट्र में अपनी बेटियों और बहनों की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। चाहे वह केंद्रीय मंत्री की बेटी हो या गरीब किसान की बेटी, दोनों हमारे लिए समान हैं। मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पुणे की शिवशाही बस में हुए बलात्कार की घटना ताजा ही थी कि अब जलगांव से एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। केंद्रीय राज्यमंत्री रक्षा खडसे की बेटी और अन्य लड़कियों के साथ मुक्ताई मंदिर में छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महाराष्ट्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भाजपा सरकार की नाकामी एक बार फिर उजागर हुई है। क्या यह वही ‘सुशासन’ है जिसका दावा किया जाता है? आखिर कब तक महिलाएं असुरक्षित रहेंगी? (Union Minister Daughter Molested)



