ईरान से युद्ध करना पड़ा अमेरिका को महंगा, 3.7 लाख करोड़ गंवाने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप की सत्ता पर खतरा

US Midterms Threaten Trump: ईरान पर अचानक हमले कर महज सात दिन के भीतर उसे घुटनों पर लाने और कट्टरपंथी हुकूमत को नेस्तनाबूद करने के बड़े-बड़े दावे करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज खुद अपने ही देश में घिर चुके हैं। आज से आठ महीने पहले 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ जिस युद्ध का बिगुल फूंका गया था, उसने आज अमेरिका को ही सबसे बड़े आर्थिक और राजनीतिक संकट में धकेल दिया है। आज स्थिति यह है कि ईरान पहले से कहीं ज्यादा आक्रामक और ताकतवर नजर आ रहा है, जबकि अमेरिकी जनता राष्ट्रपति ट्रंप से सीधे तौर पर यह सवाल पूछ रही है कि इस निरर्थक जंग में देश के टैक्सपेयर्स का अरबों-खरबों डॉलर क्यों फूंक दिया गया? 3 नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनाव से ठीक पहले जनता का यह गुस्सा और चौंकाने वाले आंकड़े ट्रंप के राजनीतिक भविष्य पर सबसे बड़ा सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- तेहरान में पाकिस्तान की भारी फजीहत, अमेरिका से मध्यस्थता कराने पहुंचे जनरल असीम मुनीर को ईरान ने दिखाई औकात
इस युद्ध के वित्तीय और सामाजिक परिणाम अब अमेरिकी नागरिकों के लिए असहनीय होते जा रहे हैं। टैक्सपेयर्स के भारी-भरकम फंड को इस सैन्य अभियान झोंकने के बाद देश के भीतर तीखे सवाल उठ रहे हैं। अमेरिकी जनता और मीडिया के एक बड़े वर्ग का सवाल है कि इस संघर्ष से देश को वास्तविक रूप में क्या हासिल हुआ? विश्लेषकों और रिपोर्ट्स के मुताबिक इस लंबी खींचतान और सैन्य साजो-सामान के नुकसान के बीच अमेरिकी खजाने पर भारी असर पड़ा है, जिससे घरेलू स्तर पर असंतोष लगातार गहराता जा रहा है। महंगाई ने आम नागरिकों की कमर तोड़ दी है। प्रशासनिक स्तर पर भले ही इसे एक छोटी कीमत बताया जा रहा हो, लेकिन ईंधन के दाम आसमान छू रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक देश में पेट्रोल की औसत कीमत 4.35 डॉलर प्रति गैलन, डीजल 6.30 डॉलर प्रति गैलन और गैस की कीमत 5 डॉलर प्रति गैलन तक पहुंच चुकी है। (US Midterms Threaten Trump)
चुनावी सर्वे और ट्रंप की राजनीतिक चुनौतियां
ईंधन की इन बढ़ी हुई कीमतों के कारण आम उपभोक्ताओं को प्रति गैलन एक से दो डॉलर तक अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है, जिससे देश में महंगाई चरम पर पहुंच गई है। 3 नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनावों से ठीक पहले ये आंकड़े और जनता का गुस्सा डोनाल्ड ट्रंप के लिए भारी साबित हो रहा है। देशभर में हो रहे प्री-पोल सर्वे के नतीजे ट्रंप और उनकी पार्टी के लिए चेतावनी जैसे हैं।लगभग 10 में से 9 चुनावी सर्वे में रिपब्लिकन पार्टी पिछड़ती नजर आ रही है और करीब 70% अमेरिकी जनता प्रशासनिक नीतियों के खिलाफ खड़ी दिख रही है। चुनावी मैदान में उतरे रिपब्लिकन उम्मीदवारों में से भी एक बड़ा हिस्सा यानी 62 में से 41 सीटों पर राष्ट्रपति की नीतियों से सार्वजनिक रूप से असहमति जता रहा है। (US Midterms Threaten Trump)
संसदीय संतुलन का संकट
अगर विपक्षी डेमोक्रेट्स इन चुनावों में बहुमत हासिल कर लेते हैं तो राष्ट्रपति ट्रंप के लिए विधाई कार्य करना बेहद जटिल हो जाएगा। संसद के समर्थन के बिना कार्यकारी आदेशों और वित्तीय प्रस्तावों को पारित कराना असंभव सा हो जाएगा, जिससे महाभियोग या सख्त जांच जैसी स्थितियां भी पैदा हो सकती हैं। अमेरिकी राजनीतिक इतिहास के पन्नों को पलटें तो मिडटर्म चुनावों में राष्ट्रपति की पार्टी का हारना कोई नया नहीं है। पिछले 76 सालों के दौरान लगभग 18 बार ऐसा हुआ है, जब मौजूदा राष्ट्रपति को इस मध्यावधि परीक्षा में असफलता का सामना करना पड़ा है, लेकिन मौजूदा परिदृश्य इस लिहाज से अलग और गंभीर है, क्योंकि इसमें विदेश नीति और सीधे तौर पर एक बड़े युद्ध के परिणामों को लेकर जनमत जुड़ा हुआ है। चुनाव के मुहाने पर खड़े अमेरिका में यह मुकाबला सिर्फ सीटों का नहीं, बल्कि देश की दशा और दिशा तय करने का है।

अगर मिडटर्म चुनावों के नतीजे अनुमान के मुताबिक विपरीत रहते हैं तो राष्ट्रपति ट्रंप भले ही अपने पद पर बने रहें, लेकिन उनकी राजनीतिक ताकत और फैसले लेने की क्षमता काफी हद तक सीमित हो जाएगी। चुनाव के ये नतीजे यह तय करेंगे कि आने वाले समय में अमेरिकी विदेश नीति और घरेलू अर्थव्यवस्था किस करवट बैठती है। कुल मिलाकर 3 नवंबर का यह मिडटर्म चुनाव सिर्फ संसद के सदस्यों को चुनने का चुनाव नहीं है, बल्कि यह डोनाल्ड ट्रंप की पूरी कार्यशैली और विदेश नीति पर जनता का सीधा जनमत संग्रह बनता दिख रहा है। अगर सर्वेक्षणों के दावे सच साबित होते हैं और विपक्षी डेमोक्रेट्स दोनों सदनों में बहुमत हासिल कर लेते हैं तो राष्ट्रपति ट्रंप व्हाइट हाउस में रहते हुए भी एक कठपुतली या शक्तिहीन राष्ट्रध्यक्ष बनकर रह जाएंगे। ना तो वे युद्ध के लिए मनमाना सैन्य बजट पास करा सकेंगे और ना ही बिना संसदीय मंजूरी के कोई बड़ा फैसला लागू कर पाएंगे। युद्ध से पैदा हुई महंगाई और ध्वस्त विदेश नीति के आरोपों के बीच यह चुनाव तय करेगा कि क्या डोनाल्ड ट्रंप का राजनीतिक करियर अपने सबसे कठिन पड़ाव गेम ओवर की ओर बढ़ चुका है।



