Google Analytics —— Meta Pixel

‘मिडिल ईस्ट खाली करो’! US का बड़ा अलर्ट, क्या ईरान में होने वाला है कुछ बड़ा?

जॉर्डन, इज़राइल और इराक स्थित अमेरिकी दूतावासों ने जारी की एडवाइजरी, ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी

West Asia Tensions : मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। जॉर्डन की राजधानी अम्मान, इज़राइल के यरुशलम और इराक की राजधानी बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावासों ने एडवाइजरी जारी कर अमेरिकी नागरिकों से हालात पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर क्षेत्र छोड़ने के लिए तैयार रहने की सलाह दी है।

अमेरिकी दूतावासों की ओर से जारी सुरक्षा चेतावनी में कहा गया है कि क्षेत्र में मौजूद नागरिक स्वेच्छा से मिडिल ईस्ट छोड़ने पर विचार करें या स्थिति बिगड़ने की दशा में तत्काल रवाना होने की तैयारी रखें। साथ ही उड़ानों की स्थिति नियमित रूप से जांचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। (West Asia Tensions)

एडवाइजरी के अनुसार, क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति अचानक बदल सकती है। उड़ानें रद्द होने, हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद किए जाने और यात्रा सेवाओं में बाधा आने की आशंका जताई गई है। जॉर्डन में रह रहे अमेरिकी नागरिकों को हाल में ईरानी मिसाइल हमलों का निशाना बने अमेरिकी सैन्य ठिकानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

वहीं, इज़राइल में मौजूद अमेरिकी नागरिकों से कहा गया है कि वे अपने निकटतम बम शेल्टर की जानकारी पहले से सुनिश्चित कर लें। यरुशलम स्थित अमेरिकी दूतावास ने अपनी एडवाइजरी में कहा कि ईरानी शासन का व्यवहार अप्रत्याशित रहा है और हाल के दिनों में उसने क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में हमले किए हैं।

ड्रोन हमले के बाद बढ़ी चिंता

इस बीच, बुधवार को मिस्र के एक बंदरगाह पर खड़े अमेरिका के स्वामित्व वाले एक गैस पोत पर ड्रोन हमला हुआ, जिससे उसमें आग लग गई। मिस्र इस घटना की जांच कर रहा है। फिलहाल किसी संगठन या देश को हमले के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है।

दूसरी ओर, ईरान की सेना ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है। ईरानी सेना ने चेतावनी दी है कि जो भी देश अमेरिका का समर्थन करेगा, वह संघर्ष की चपेट में आ सकता है।

हाल के दिनों में कुछ समय की शांति के बाद ईरान और अमेरिका के बीच फिर से तनाव बढ़ने के संकेत मिले हैं। हालांकि शुक्रवार और शनिवार की रात किसी नए हमले की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई। मौजूदा हालात को देखते हुए पूरे मध्य पूर्व में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। (West Asia Tensions)

यह भी पढ़े :- Rashifal 2 August 2026: आज रविवार का राशिफल, क्या कहती है आपकी राशि, कैसा रहेगा आपका दिन, जानें सभी राशियों का भविष्यफल

Back to top button
error: Content is protected !!