Balodabazar News: ग्राम मरदा में गौवंश हत्या पर विहिप ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग
Balodabazar News: ग्राम मरदा, तहसील लवन में हाल ही में हुए चौदह गौवंश की निर्मम हत्या के मामले में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने जिला कार्यकारिणी के माध्यम से जिलाधीश एवं पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने इस जघन्य घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की।
यह भी पढ़े :- जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटने के 5 साल पूरे, पत्थरबाजी की घटनाएं 99% हुई कम
विहिप के जिला अध्यक्ष अभिषेक तिवारी मिकी ने बताया कि दो अगस्त, शुक्रवार को ग्राम मरदा से गौवंश की हत्या की सूचना सामने आई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्दोष गौवंश को गांव के एक बाड़े में आठ से दस दिन पूर्व बंद कर दिया गया था, जहां उन्हें बिना भोजन और पानी के रखा गया। इस अमानवीय कृत्य के कारण गौवंश की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। गांव में फैली बदबू के बाद इस घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद प्रशासन को सूचित किया गया। (Balodabazar News)
पुलिस ने चार संदिग्धों को किया गिरफ्तार
प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, विहिप का कहना है कि सरपंच, सचिव, पंच, किसान समिति के अन्य सदस्य और गांव के कुछ किसानों की भूमिका भी संदिग्ध है। विहिप ने चेतावनी दी है कि सिर्फ कुछ सदस्यों की गिरफ्तारी से मामले को समाप्त नहीं किया जाना चाहिए और सभी दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।
गौठान योजना नहीं करना चाहिए था बंद: अभिषेक
विहिप जिला अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान सरकार को पूर्व की गौठान योजना को बंद नहीं करना चाहिए था। इसके बजाय, इसमें सुधार कर इसे जारी रखना चाहिए था। प्रदेश में गौवंश और ग्रामीणों के हितों को ध्यान में रखते हुए गौ अभ्यारण्य की स्थापना की बात की गई है, जिसे तत्काल प्रभाव से लागू करने की आवश्यकता है। इससे सड़कों पर और गांवों में गौवंश के साथ हो रहे दुर्व्यवहार और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रांत सोशल मीडिया प्रमुख हेमंत वर्मा, जिला मंत्री राजेश केशरवानी, और नगर अध्यक्ष महेश ठाकुर शामिल थे। (Balodabazar News)





