वैश्विक मंच पर शांति, प्रगति और समृद्धि की एक सशक्त आवाज के रूप में उभर रहा है भारत: उपराष्ट्रपति

Vice President CP Radhakrishnan: उपराष्ट्रपति और भारतीय वैश्विक परिषद (ICWA) के अध्यक्ष सी.पी. राधाकृष्णन ने नई दिल्ली स्थित सप्रू हाउस में राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में भारतीय वैश्विक परिषद के 25वें वर्षगांठ समारोह को संबोधित किया। साथ ही कहा कि यह रजत जयंती आभार व्यक्त करने और आत्मचिंतन का अवसर है। इस दौरान उन्होंने परिषद की उत्कृष्ट विरासत में योदाना देने वाले संस्थापकों, पूर्व नेतृत्वकर्ताओं, महानिदेशकों, विद्वानों, राजनयिकों, शोधकर्ताओं और कर्मचारियों को श्रद्धांजलि दी। उपराष्ट्रपति ने सफल ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए विदेश मंत्री और ICWA के उपाध्यक्ष डॉ. एस. जयशंकर, विदेश सचिव विक्रम मिसरी और विदेश मंत्रालय की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संघर्षों और विरोधाभासों से घिरी दुनिया में नई दिल्ली नेताओं की घोषणा का सर्वसम्मति से अपनाया जाना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
यह भी पढ़ें:- 30 साल से जारी जल विवाद हुआ खत्म, किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना पर शाह ने 6 राज्यों के बीच कराया समझौता
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कूटनीति का पहला उद्देश्य राष्ट्रों के बीच अच्छे संबंध स्थापित करना है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि मानव प्रगति और विश्व शांति को साथ-साथ चलना चाहिए और यह तभी संभव है, जब सभी देश एक-दूसरे की चिंताओं को समझें और पारस्परिक लाभ के लिए मिलकर काम करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत शांति, प्रगति और समृद्धि की एक सशक्त आवाज के रूप में उभरा है। उन्होंने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ यानी ‘विश्व एक परिवार है’ की भावना को रेखांकित किया और कोविड संकट के दौरान वैक्सीन मैत्री, भारत के आपदा-प्रतिक्रिया प्रयासों, एलआईएफई (पर्यावरण के लिए जीवन शैली) समेत अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन और वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन जैसी वैश्विक पहलों को इस दर्शन के व्यावहारिक उदाहरणों के रूप में प्रस्तुत किया। (Vice President CP Radhakrishnan)

उपराष्ट्रपति ने यूपीआई और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना में भारत की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पारदर्शी भुगतान प्रणालियां पारदर्शी गवर्नेंस की ओर ले जाती हैं। उन्होंने कहा कि भारत आईटीईसी और शैक्षिक सहयोग के माध्यम से वैश्विक दक्षिण के देशों के साथ अपनी तकनीकी और संस्थागत क्षमताएं साझा कर रहा है। इसमें ज़ांज़ीबार में भारत के बाहर स्थापित आईआईटी परिसर भी शामिल है। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक मंच पर वैश्विक दक्षिण का नेतृत्व करने के लिए उभर रहा है और भारत के अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के बीच भारत के प्रति विश्वास और भरोसा बढ़ रहा है। राधाकृष्णन ने कहा कि बदलते वैश्विक परिवेश ने आईसीडब्ल्यूए की भूमिका को और ज्यादा महत्वपूर्ण बना दिया है। उन्होंने परिषद के लिए चार प्राथमिकताओं की रूपरेखा प्रस्तुत की: भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’, ‘एक्ट ईस्ट’, ‘वैश्विक दक्षिण’ और ‘हिंद प्रशांत’ प्राथमिकताओं से संबंधित अनुसंधान को मजबूत करना, साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं से संबंधित कार्यों का विस्तार करना, विश्वविद्यालयों और युवा विद्वानों के साथ सहभागिता को और मजबूत करना और विश्व मामलों से संबंधित ज्ञान के एक विश्वसनीय भंडार के रूप विकसित होना, जिसमें भारत का प्रामाणिक दृष्टिकोण परिलक्षित हो।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि आईसीडब्ल्यूए को ‘विकसित भारत@2047’ के लिए बौद्धिक और संस्थागत रूप से स्वयं को तैयार करना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय मामलों के अध्ययन के लिए विश्व के सम्मानित केंद्रों में से एक बनने की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अपनी स्वर्ण जयंती तक परिषद भारत और एक शांतिपूर्ण विश्व व्यवस्था के लिए और भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। उपराष्ट्रपति ने आईसीडब्ल्यूए की यात्रा और विकास को दर्शाने वाली फोटो प्रदर्शनी को भी देखा समेत परिषद में उनके योगदान के सम्मान में पूर्व महानिदेशकों को स्मृति-चिन्ह प्रदान किए। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इंडियन काउंसिल ऑफ वर्ल्ड अफेयर्स (ICWA) के राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में नामित होने के बाद आयोजित सिल्वर जुबली समारोह में भारत की बदलती वैश्विक भूमिका पर बात की। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे दुनिया बदल रही है, आज का भारत भी बदल रहा है और उसकी भागीदारी, रुचियां, जिम्मेदारियां और उम्मीदें बढ़ रही हैं। भारत ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूत करने के साथ अपनी सीख, अनुभव और दृष्टिकोण को दुनिया के सामने स्पष्ट रूप से रखने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने संघर्ष और प्रतिस्पर्धा से भरे वैश्विक माहौल में भारत के विकल्पों को समझने, ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाने, नए बाजारों तक पहुंच बढ़ाने, निर्यात को बढ़ावा देने और विदेशों में भारतीय समुदाय की सुरक्षा के प्रयासों पर भी जोर दिया।

समापन कार्यक्रम में मंत्री जयशंकर ने कहा कि पिछले दशक में भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था और क्षमताओं का असर वैश्विक स्तर पर उसकी भागीदारी पर पड़ा है। बदलती वैश्विक वर्कफोर्स के बीच भारतीय समुदाय, तेज प्रतिक्रिया क्षमता और मोबिलिटी समझौतों का महत्व बढ़ रहा है। उन्होंने AI के दौर में संचार और नैरेटिव के बदलते तरीकों, ग्लोबल साउथ के साथ भारत के मजबूत संबंधों और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भारत के स्वतंत्र दृष्टिकोण को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बहुध्रुवीयता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता उसके स्वतंत्र रुख और रणनीतिक स्वायत्तता में विश्वास से जुड़ी है। जयशंकर ने भरोसा जताया कि ICWA थिंक टैंक, शिक्षा जगत और नीति-निर्माण से जुड़े लोगों के लिए संवाद का महत्वपूर्ण मंच बना रहेगा और दुनिया के सामने भारत का पक्ष रखने में अपनी भूमिका निभाता रहेगा। उथल-पुथल भरी दुनिया में भारत का आगे बढ़ना तय है और इस प्रक्रिया में बौद्धिक योगदान की भूमिका भी बहुत अहम होगी। मुझे पूरा भरोसा है कि ICWA थिंक टैंक, शिक्षा जगत और नीति-निर्माण से जुड़े लोगों के लिए एक स्वाभाविक मिलन-स्थल के तौर पर काम करता रहेगा और दुनिया के सामने भारत का पक्ष रखता रहेगा।

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने नई दिल्ली के उपराष्ट्रपति भवन में तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल और पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौंदर्यराजन की लिखी पुस्तक “ए सेंचुरी ऑफ सर्विस – द आरएसएस इन 100 एक्ट्स ऑफ सेवा” का विमोचन भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह किताब आरएसएस की सौ साल की सेवा, उसकी सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र-निर्माण में उसके योगदान को दर्ज करती है।

उन्होंने कहा कि अच्छे कार्यों को दर्ज करना जरूरी है, क्योंकि आज की खबर कल इतिहास बन जाती है और दस्तावेजीकरण नहीं होने पर कई महत्वपूर्ण काम समय के साथ लोगों की यादों से मिट सकते हैं। यह किताब दर्शाती है कि कैसे सेवा की भावना लगातार सामाजिक सेवा में बदल गई है। “सेवा ही धर्म है, यह एक कर्तव्य है” को एक बुनियादी आदर्श बताते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि आरएसएस की सेवा पहल समाज के गरीब, हाशिए पर रहने वाले और अलग-अलग वर्गों के मजदूर, महिलाएं और बच्चों तक पहुंची हैं। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान भोजन, दवाइयां और जरूरी मदद पहुंचाने में आरएसएस स्वयंसेवकों की भूमिका को याद किया। किताब में “चरित्र-निर्माण के जरिए राष्ट्र-निर्माण” के विषय का जिक्र करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्र-निर्माण के लिए देशभक्ति, अनुशासन, सामाजिक ज़िम्मेदारी और राष्ट्रीय एकता बेहद जरूरी हैं। (Vice President CP Radhakrishnan)

उन्होंने कहा कि यह किताब न सिर्फ आरएसएस की सौ साल की सेवा का रिकार्ड होगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भारत की सेवा की परंपरा, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना को दिखाने वाला एक दस्तावेज भी होगी। उपराष्ट्रपति ने डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन और इस प्रकाशन से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि इतिहास को दर्ज करने की ऐसी और भी कोशिशें होंगी। इस मौके पर सूचना और प्रसारण, संसदीय मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन, पुडुचेरी के गृहमंत्री ए. नमासिवयम और डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन इस मौके पर मौजूद रहे। कुल मिलाकर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के दोनों कार्यक्रमों में भारत की वैश्विक भूमिका, कूटनीति, सेवा और राष्ट्र-निर्माण के मुद्दे प्रमुख रहे। एक ओर उन्होंने ICWA को बदलती विश्व व्यवस्था में भारत के दृष्टिकोण को मजबूत करने वाली संस्था के तौर पर आगे बढ़ाने की प्राथमिकताएं गिनाईं तो दूसरी ओर RSS के सेवा कार्यों पर आधारित पुस्तक का विमोचन करते हुए सेवा और राष्ट्र-निर्माण की भावना को रेखांकित किया। (Vice President CP Radhakrishnan)



