मोदी के बाद अब राहुल गांधी को चुनौती, विजय शर्मा बोले- नक्सलवाद पर कर लें सीधी बहस

रायपुर। देश की राजनीति में सार्वजनिक बहस को लेकर सियासी घमासान तेज होता नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती देने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अब छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जवाबी चुनौती दी है। विजय शर्मा ने नक्सलवाद के मुद्दे पर राहुल गांधी को खुले मंच पर आमने-सामने बहस करने का न्योता दिया है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि वे नक्सलवाद जैसे गंभीर विषय पर राहुल गांधी के साथ किसी भी स्थान, किसी भी मंच और किसी भी समय बहस करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के कुछ नेताओं के बयानों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेता नक्सलियों को अपना हीरो बताते हैं।
विजय शर्मा ने अपने बयान में झीरम घाटी नक्सली हमले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिस नक्सली हिंसा में कांग्रेस के ही कई वरिष्ठ नेताओं की जान गई, उसी नक्सलवाद को लेकर कांग्रेस नेताओं के रुख पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने राहुल गांधी से सीधे सवाल करते हुए कहा कि क्या वे नक्सलवाद के मुद्दे पर इस सार्वजनिक बहस की चुनौती स्वीकार करेंगे? विजय शर्मा ने दोहराया कि बहस के लिए जगह, मंच और समय को लेकर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
राहुल गांधी के जवाब पर टिकी नजरें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राहुल गांधी की ओर से बहस की चुनौती दिए जाने के बाद विजय शर्मा के इस बयान ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में नई चर्चा शुरू कर दी है। अब राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर उत्सुकता है कि राहुल गांधी उप मुख्यमंत्री की चुनौती पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।




