Google Analytics —— Meta Pixel

नोएडा में वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर हिंसक प्रदर्शन, कई सेक्टरों में तोड़फोड़ और आगजनी से बिगड़े हालात 

Violent Protest in Noida: नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर चल रहा फैक्ट्री कर्मचारियों का प्रदर्शन सोमवार सुबह अचानक हिंसक हो गया। देखते ही देखते हालात इतने बिगड़ गए कि कई इलाकों में आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई। पुलिस को हालात काबू करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा और भारी फोर्स तैनात करनी पड़ी। पूरा मामला फेज-2 इंडस्ट्रियल एरिया से शुरू हुआ, जो शहर का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है। यहां स्थित कई कंपनियों के कर्मचारी पिछले तीन दिनों से वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

यह भी पढ़ें:- बीजापुर में नाबालिग से दरिंदगी, 5 दोस्तों ने किया गैंगरेप, घुमाने के बहाने ले गए थे आरोपी

इन कंपनियों में मदरसन ग्रुप, ऋचा ग्लोबल, रेनबो, पैरामाउंट, एसएनडी और अनुभव जैसी कंपनियां शामिल हैं। सोमवार सुबह करीब 500 कर्मचारी मदरसन कंपनी के बाहर इकट्ठा हुए, जहां प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया और हिंसा भड़क उठी। शुरुआत में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी अचानक सड़क पर उतर आए और पथराव शुरू कर दिया। कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। बसों और वाहनों में आग लगा दी गई। पुलिस की गाड़ी को पलट दिया गया। सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच सीधा टकराव हो गया। (Violent Protest in Noida)

पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन कर्मचारियों ने उन पर भी पत्थरबाजी की। हालात बेकाबू होते देख आंसू गैस के गोले छोड़े गए।कई थानों की पुलिस और PAC को मौके पर बुलाया गया। पूरे इलाके में बैरिकेडिंग कर दी गई। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया। फेज-2 से शुरू हुआ आंदोलन धीरे-धीरे पूरे नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में फैल गया। सेक्टर 1, 15, 62 और DND फ्लाईवे में प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़कों पर बैठकर और टायर जलाकर यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया, जिससे लंबा जाम लग गया और दफ्तर आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सेक्टर 40 और 60 में कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में कंपनियों के बाहर इकट्ठा होकर घेराव किया, अंदर कामकाज ठप कर दिया और प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। सेक्टर 57 में प्रदर्शन सबसे ज्यादा उग्र रहा, जहां करीब 30 फैक्ट्रियों में घुसकर कर्मचारियों ने तोड़फोड़ की, मशीनों और दफ्तरों को नुकसान पहुंचाया। सेक्टर 74 में भी कर्मचारियों का आक्रोश देखने को मिला, जहां भीड़ ने सड़कों पर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और माहौल तनावपूर्ण बना दिया। सेक्टर 85 में प्रदर्शनकारियों ने कंपनी का मुख्य गेट तोड़ दिया, जबरन अंदर घुसने की कोशिश की और पुलिस के रोके जाने पर पत्थरबाजी भी की, जिससे हालात और बिगड़ गए। कई जगहों पर कर्मचारियों ने बीच सड़क पर बैठकर नारेबाजी की और यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया। (Violent Protest in Noida)

बता दें कि 9 अप्रैल से प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों कर्मचारियों ने लाठी-डंडों के साथ सड़क पर उतरकर अलग-अलग इलाकों की 50 से ज्यादा फैक्ट्रियों में पथराव और तोड़फोड़ की, जबकि 150 से ज्यादा वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और करीब 50 वाहनों में आगजनी की गई। कई कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन का कोई स्पष्ट नेतृत्व नहीं था और ज्यादातर युवा इसमें शामिल थे। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईलेवल जांच कमेटी गठित कर दी है और मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक अशांति पैदा करने वाले लोगों से सावधान रहें। साथ ही यह भी कहा कि सरकार श्रमिकों के साथ है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण और एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) अमिताभ यश लगातार कंट्रोल रूम से निगरानी कर रहे हैं। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि हिंसा भड़काने वालों की पहचान की जा रही है। बाहरी तत्वों की भी जांच हो रही है। दोषियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी। नोएडा की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि राज्य विकास के मार्ग पर है और किसी को भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि श्रमिक मजबूरी में सड़कों पर उतरते हैं, इसलिए सरकार को उनकी मांगों को गंभीरता से सुनना चाहिए।

कर्मचारियों की मुख्य मांगें

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने वेतन में वृद्धि, समय पर सैलरी का भुगतान, कार्यस्थल पर बेहतर व्यवहार और श्रमिक अधिकारों के पालन की मांग की थी। हिंसा के बाद प्रशासन और कंपनियों के बीच हुई बैठक में कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति का गठन, शिकायत पेटियों की व्यवस्था, हर महीने की 10 तारीख तक वेतन भुगतान, वेतन पर्ची देना अनिवार्य और कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना शामिल हैं। फिलहाल शहर के कई इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है। स्थिति आंशिक रूप से नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव अभी भी बना हुआ है। प्रशासन लगातार कर्मचारियों से बातचीत कर रहा है और हालात को पूरी तरह सामान्य करने की कोशिश जारी है।

नोएडा की यह घटना औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक असंतोष का बड़ा संकेत मानी जा रही है, जहां एक ओर मजदूर अपनी बुनियादी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, वहीं हिंसक घटनाओं ने कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है। आने वाले दिनों में प्रशासन और सरकार के कदम इस स्थिति को स्थायी रूप से शांत करने में निर्णायक होंगे। फिलहाल प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है और कंपनियों के साथ बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है। आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि सरकार और प्रशासन किस तरह श्रमिकों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालते हैं और ऐसे हालात दोबारा न हों, इसके लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!