Google Analytics —— Meta Pixel

बीजापुर में नाबालिग से दरिंदगी, 5 दोस्तों ने किया गैंगरेप, घुमाने के बहाने ले गए थे आरोपी

Gang Rape in Bijapur: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में पांच दोस्तों ने एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप किया है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत पांचों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक घटना 11 अप्रैल की रात की है। मुख्य आरोपी खुद नाबालिग है, जो पीड़िता का परिचित था। उसने लड़की को बाहर घूमने के बहाने घर से बुलाया। पीड़िता उस पर भरोसा कर साथ चली गई, लेकिन आरोपी उसे बहला-फुसलाकर एक सुनसान इलाके में ले गया, जहां पहले मुख्य आरोपी ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया, जिसके बाद वहां मौजूद उसके चार दोस्तों ने भी बारी-बारी से रेप किया।

यह भी पढ़ें:- कोंडागांव में टेंट कारोबारी की हत्या, अर्धनग्न हालत में खेत में दफन मिली लाश

वारदात के बाद बदहवास पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद 12 अप्रैल की सुबह परिजनों के साथ पीड़िता भैरमगढ़ थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता और पीड़िता की उम्र को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पॉक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने चंद घंटों के भीतर ही सभी पांचों आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में अंकित परबुलिया, लक्ष्मीनाथ लेकाम, सुनील परबुलिया और जातवेद मोड़ियाम शामिल हैं। शारीरिक और मानसिक रूप से आहत पीड़िता को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल पीड़िता का इलाज जारी है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

SP जितेंद्र यादव ने बताया कि मामले में सभी पांचों आरोपियों को पकड़ लिया गया है। बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है, वहीं नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा। पुलिस सभी आवश्यक साक्ष्य जुटा रही है, ताकि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके। बीजापुर की यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए सिर्फ कानून ही काफी नहीं, बल्कि सामाजिक सतर्कता भी अनिवार्य है। पुलिस ने अपनी कार्रवाई कर दी है, अब दारोमदार न्यायपालिका पर है कि वह कितनी जल्दी इन दरिंदों को उनके किए की सजा सुनाती है। (Gang Rape in Bijapur)

Back to top button
error: Content is protected !!