प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने रची खौफनाक साजिश, पति को सांप से कटवाकर मार डाला
20 लाख के बीमे और प्रेम संबंधों के चलते वारदात को दिया अंजाम; पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में एक स्कूल संचालक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। शुरुआत में जिस घटना को प्राकृतिक रूप से सांप का काटना माना जा रहा था, वह दरअसल एक सोची-समझी और बर्बर हत्या निकली। मृतक अतुल पंवार की पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को रचा था, ताकि रास्ते के कांटे को हटाकर बीमे की मोटी रकम हासिल की जा सके। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्रेम विवाह के 7 साल बाद खूनी अंत
जानकारी के मुताबिक, बहसूमा क्षेत्र के मूल निवासी अतुल पंवार पिछले कई सालों से हस्तिनापुर में किराए के मकान में रहकर ‘कृष्ण किड्स प्ले स्कूल’ का संचालन करते थे। करीब सात वर्ष पहले उन्होंने दामिनी नाम की महिला से प्रेम विवाह किया था। दोनों का एक छह साल का बेटा भी है।
गुमराह करने के लिए गढ़ी सांप की कहानी
वारदात के बाद आरोपी पत्नी दामिनी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए एक मनगढ़ंत कहानी गढ़ी। उसने बताया कि गुरुवार की रात वह, उसका पति और बेटा एक ही बिस्तर पर सोए थे। देर रात करीब दो बजे गर्मी लगने पर वह बेटे को लेकर दूसरे कमरे में कूलर के पास सोने चली गई। सुबह छह बजे जब वह चाय लेकर पहुंची, तो अतुल मृत पड़े थे और बिस्तर पर एक काला सांप रेंग रहा था। ग्रामीणों ने बाद में उस सांप को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर दिया था।
फोरेंसिक जांच और परिजनों के शक से खुला राज
अतुल की मौत की खबर मिलते ही जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्हें दामिनी की कहानी पर गहरा संदेह हुआ। शव के दाहिने पैर पर सांप के काटने के निशान देखने के बाद परिजनों ने सीधे दामिनी पर हत्या का आरोप लगाया। हस्तिनापुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। बिस्तर से यूरिन और अन्य महत्वपूर्ण जैविक साक्ष्य एकत्र किए गए, जिसने वैज्ञानिक तौर पर पुलिस के शक को यकीन में बदल दिया।
20 लाख का बीमा और बस ड्राइवर से इश्क
मेरठ के एसएसपी (SSP) अविनाश पांडे ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस की कड़ी पूछताछ के आगे आरोपी दामिनी ज्यादा देर टिक नहीं सकी और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। दामिनी का अपने ही स्कूल के बस ड्राइवर से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे।
एसएसपी ने बताया कि मृतक अतुल पंवार के नाम 20 लाख रुपये का जीवन बीमा था। इस बड़ी रकम को हड़पने और एक साथ रहने के लिए पत्नी और उसके प्रेमी ने यह खौफनाक साजिश रची। जांच में यह भी सामने आया है कि अतुल को मारने का प्रयास पहले भी किया जा चुका था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- नीट पेपर लीक विवाद: 20 दिनों से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया



