भारत की बेटियों ने रचा इतिहास, पहली बार जीता महिला वनडे वर्ल्ड कप

Women World Cup Final: 47 साल के लंबे इंतजार के बाद भारत की महिला क्रिकेट टीम ने वह कर दिखाया, जिसका सपना पीढ़ियों से देखा जा रहा था। भारत की बेटियों ने रविवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास का सबसे सुनहरा पल बन गई। 21 साल की युवा ओपनर शेफाली वर्मा का यह वर्ल्ड कप उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
यह भी पढ़ें:- 25 सालों की यह यात्रा गर्व और नए संकल्प का अवसर है: राज्यपाल डेका
फाइनल मुकाबले में उन्होंने पहले 87 रन की धमाकेदार पारी खेली और फिर गेंदबाजी में 2 अहम विकेट लेकर भारत को जीत की राह पर ला खड़ा किया। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द फाइनल चुना गया। दिलचस्प बात यह रही कि शेफाली को टूर्नामेंट की शुरुआत में टीम में जगह ही नहीं मिली थी। वह चोटिल ओपनर प्रतिका रावल की जगह इंजरी रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल की गई थी, लेकिन जब मौका मिला तो उन्होंने इसे इतिहास में बदल दिया। साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत की शुरुआत शानदार रही। (Women World Cup Final)

स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने मिलकर पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की। मंधाना 45 रन बनाकर आउट हुई, लेकिन शेफाली ने एक छोर संभाले रखा। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्ज (24 रन) और दीप्ति शर्मा (58 रन) ने भी अहम योगदान दिया। आखिर में ऋचा घोष ने सिर्फ 24 गेंदों पर 34 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। भारत ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 298 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की ओर से आयाबोंगा खाका ने 3 विकेट लिए, जबकि नदिन डी क्लर्क, क्लो ट्रायोन और मलाबा को एक-एक विकेट मिला। 299 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने शुरुआत में अच्छा प्रदर्शन किया।

कप्तान लौरा वोल्वार्ट और ताजमिन ब्रिट्ज ने पारी की सधी हुई शुरुआत की, लेकिन ब्रिट्ज 10वें ओवर में अमनजोत कौर के डायरेक्ट हिट पर रन आउट हो गई। इसके बाद अनेके बॉश बिना खाता खोले पवेलियन लौट गई। सुने लुस और वोल्वार्ट ने टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक बड़ा दांव खेला। उन्होंने पार्ट-टाइम स्पिनर शेफाली वर्मा को गेंद थमाई। शेफाली ने तुरंत असर दिखाया। उन्होंने अपने पहले ओवर में सुने लुस और दूसरे ओवर में मारिजान कैप को आउट कर साउथ अफ्रीका को संकट में डाल दिया। वोल्वार्ट ने एक छोर से संघर्ष जारी रखा और 101 रन की शतकीय पारी खेली, लेकिन वह दीप्ति शर्मा की गेंद पर आउट हो गई।

दीप्ति ने इसके बाद क्लो ट्रायोन, नदिन डी क्लर्क और बाकी बल्लेबाजों को आउट कर साउथ अफ्रीका की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। साउथ अफ्रीका की पूरी टीम 246 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने मैच 52 रन से जीत लिया। पूरे टूर्नामेंट में भारत की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल में उन्होंने 58 रन की पारी खेलने के बाद गेंदबाजी में 5 विकेट झटके। उनकी सटीक लाइन और लेंथ ने साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी को पूरी तरह तोड़ दिया। दीप्ति को उनके निरंतर प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया। (Women World Cup Final)
भारत का हार से सीखकर जीत तक का सफर
भारत ने इससे पहले भी वर्ल्ड कप फाइनल खेले थे। 2005 में टीम पहली बार फाइनल में पहुंची थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया से हार गई। 2017 में इंग्लैंड ने भारत को हराया था। 2025 में भारत ने पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया और फिर फाइनल में साउथ अफ्रीका को मात देकर आखिरकार खिताब अपने नाम किया। यह जीत इसलिए भी ऐतिहासिक रही, क्योंकि महिला सीनियर टीम ने पहली बार किसी भी फॉर्मेट में ICC ट्रॉफी जीती। इस जीत के साथ भारत ने अपने क्रिकेट इतिहास में कुल 15वां ICC खिताब हासिल किया। इनमें पुरुष टीम के 2 वनडे वर्ल्ड कप, 2 टी-20 वर्ल्ड कप, 3 चैंपियंस ट्रॉफी, अंडर-19 टीम के 5 वर्ल्ड कप, महिला टीम के अब 2 एक अंडर-19 और यह पहला सीनियर वनडे वर्ल्ड कप शामिल हैं। भारत अब सिर्फ ऑस्ट्रेलिया (27 ICC खिताब) से पीछे है।

वर्ल्ड कप की शुरुआत में खराब फॉर्म के कारण जेमिमा रोड्रिग्ज को टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन सेमीफाइनल में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 127 रन की पारी खेलकर टीम को फाइनल तक पहुंचाया। फाइनल में उन्होंने 24 रन का योगदान दिया, जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ लीग मैच में उन्होंने 76 रन बनाए थे। महिला वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत 1973 में हुई थी, लेकिन भारत ने पहली बार 1978 में भाग लिया था। 47 साल तक भारतीय टीम खिताब से दूर रही।

भारत की जीत एक नए युग की शुरुआत
अब 2025 में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने इतिहास बदल दिया। इससे पहले 2000 में न्यूजीलैंड आखिरी नई चैंपियन बनी थी। उसके बाद 7 बार ऑस्ट्रेलिया और 4 बार इंग्लैंड ने खिताब जीता, लेकिन अब भारत ने इस सूची में अपना नाम दर्ज करा दिया।यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट की नई सुबह है। टीम इंडिया की यह सफलता देश की हर बेटी के लिए प्रेरणा है कि अगर हौसला और मेहनत हो तो कोई भी मंजिल असंभव नहीं। भारत की बेटियां अब सिर्फ खेल नहीं रही हैं, इतिहास लिख रही हैं। महिला क्रिकेट के स्वर्ण युग की शुरुआत हो चुकी है।




