चैंपियन सिर्फ खेल, प्रैक्टिस या कोचिंग से नहीं, बल्कि जीत और लगातार मेहनत से बनते हैं: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

World Archery Para Series: केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भारतीय तीरंदाजी संघ की विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 5 से 9 सितंबर 2026 तक चलने वाली यह स्पर्धा खिलाड़ियों के साथ-साथ अहदमदाबाद के लिए भी बहुत यादगार रहेगी। इस स्पर्धा में 19 देशों के 108 से भी ज्यादा पैरा एथलीट्स हिस्सा ले रहे हैं। अहमदाबाद, गुजरात और भारत आने वाले दिनों में खेल जगत के बहुत बड़े केंद्र बनेंगे। भारत सभी प्रकार के खेलों के प्रशिक्षण, सुविधाओं और साधनों के उत्पादन का भी हब बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस कम्प्लीट विजन के साथ हम भारत को विश्व में सबसे बड़ा स्पोर्ट्स का केन्द्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
शाह ने कहा कि हमारा मकसद सबसे ज्यादा मेडल जीतना नहीं, बल्कि ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, पुलिस गेम्स में शामिल सभी खेलों की ताकत बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि यहां उपलब्ध अत्याधुनिक ट्रेनिंग और कोचिंग व्यवस्था सिर्फ अहमदाबाद, गुजरात या भारत तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि इन्हें अंतर्राष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। यह स्थान न सिर्फ भारत बल्कि विश्वभर के खिलाड़ियों के लिए कोचिंग का बहुत बड़ा हब बनेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भारत स्पोर्ट्स इंजरी के मेडिकल साइंस के क्षेत्र में भी विश्व में उभर कर आएगा। गुजरात आने वाले दिनों में मेडिकल साइंस, विशेषकर स्पोर्ट्स इंजरी के मेडिकल साइंस के क्षेत्र में बहुत बड़ा केंद्र बनकर उभर कर सामने आएगा।

19 देशों के खिलाड़ी ले रहे हैं भाग: शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि इन खेलों में भूटान, ब्रिटेन, चीन, बांग्लादेश, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया और अमेरिका समेत 19 देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज में 19 देशों के 108 खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि आप भारत में आए हैं, हमारी मूल संस्कृति ही वसुधैव कुटुंबकम है। इन खेलों में 29 सदस्यीय सशक्त भारतीय दल भी मैदान में उतर रहा है। हरविंदर सिंह, शीतल देवी, राकेश कुमार, श्याम सुंदर सामी और पायल नाग जैसे एथलीट्स ने वैश्विक स्तर पर भारत का नाम चमकाया है। 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स का शताब्दी संस्करण होगा और इसका आयोजन अहमदाबाद में होना बहुत हर्ष का विषय है। 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए अहमदाबाद ने दावेदारी की है और हमें विश्वास है कि 2036 ओलंपिक खेल भी अहमदाबाद में ही आयोजित होंगे। (World Archery Para Series)

गृहमंत्री शाह ने कहा कि गुजरात ने 2025 से 2026 के बीच लगभग 10 अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं की मेजबानी की है। इन आयोजनों से प्रतिभागी खिलाड़ियों को अहमदाबाद, गुजरात और भारत को जानने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि चैंपियन खेल, प्रैक्टिस और कोचिंग से नहीं. बल्कि खिलाड़ी की जीतने की लालसा से बना जाता है। इस बीच फिट इंडिया ‘संडे ऑन साइकिल’ का 89वां संस्करण 6 सितंबर को सूरत में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम के साथ आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य स्वस्थ और नशामुक्त युवाओं को प्रोत्साहित करने के माध्यम के रूप में फिटनेस, खेल और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया इस साइकिलिंग पहल का नेतृत्व करेंगे, जिसमें गुजरात के डिप्टी CM हर्ष सांघवी भी शामिल होंगे। (World Archery Para Series)

डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए फिट इंडिया ‘संडे ऑन साइकिल’ का यह संस्करण हमारे युवाओं को नशीली दवाओं से दूर रहने और एक स्वस्थ-सक्रिय जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करने को समर्पित है। ‘संडे ऑन साइकिल’ और अन्य फिटनेस गतिविधियों के माध्यम से, फिट इंडिया एक ऐसी पीढ़ी के निर्माण में मदद कर रहा है, जो स्वस्थ, आत्मविश्वासी और अनुशासित एक विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने मादक पदार्थों के सेवन को देश के युवाओं के लिए एक बड़े संकट के रूप में रेखांकित किया था। यह 89वां संस्करण ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत 100-सप्ताह के राष्ट्रव्यापी जन भागीदारी अभियान के साथ भी जुड़ा है, जो खेल, फिटनेस, जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से मादक पदार्थों के उपयोग के खिलाफ एक निरंतर आंदोलन खड़ा करना है।

सूरत में यह साइकिलिंग कार्यक्रम सुबह 6:00 बजे सरदार पटेल प्रतिमा, मानगढ़ चौक से शुरू होगा, मिनी बाजार और वराछा मेन रोड से होते हुए गुजरेगा और सारथाना जू पर समाप्त होगा। पद्मश्री ओलंपियन अचंता शरथ कमल, अर्जुन पुरस्कार विजेता सरिता मोर, पहलवान शिवानी पवार और राष्ट्रमंडल पदक विजेता राहुल मान सहित प्रख्यात खिलाड़ी भी इस पहल में भाग लेंगे। यानी भारत में खेलों को लेकर तस्वीर अब सिर्फ मेडल तक सीमित नहीं है। लक्ष्य है ऐसा मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार करना, जहां खिलाड़ी को विश्वस्तरीय ट्रेनिंग, कोचिंग से लेकर मेडिकल सुविधाओं तक सब कुछ देश में ही मिले। अहमदाबाद की मेजबानी और 2036 ओलंपिक की दावेदारी इसी बड़े विजन का हिस्सा है और इस विजन के बीच संदेश साफ है कि चैंपियन सिर्फ खेलता नहीं, लगातार मेहनत करता है और जीतने की भूख को अपनी ताकत बनाता है।



