Google Analytics —— Meta Pixel

Yamuna Expressway Bus Fire: चलती स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत; कई घायल

ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत और कई लोग घायल हुए हैं।

Yamuna Expressway Bus Fire : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक स्लीपर बस में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। जेवर थाना क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास हुए इस हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। हादसे के दौरान आग तेजी से फैलने से कुछ यात्री बस के अंदर फंस गए, जबकि कई लोगों ने खिड़कियों और दरवाजे से कूदकर अपनी जान बचाई।

बताया जा रहा है कि बस ग्रेटर नोएडा की ओर से आगरा की तरफ जा रही थी। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक बस दिल्ली से महोबा जा रही थी और इसमें करीब 35 से 50 यात्री सवार थे। दयानतपुर गांव के पास अचानक बस में आग लग गई। चालक ने तत्काल बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया, लेकिन कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। (Yamuna Expressway Bus Fire)

यात्रियों में मची अफरा-तफरी

बस में आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आग और धुएं से बचने के लिए कई यात्रियों ने बस की खिड़कियों से छलांग लगा दी। कुछ यात्रियों ने शीशे तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

घटना में बुजुर्ग महिला और बच्चों के भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चार से पांच दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

आग की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की निजी सुरक्षा टीम, पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। करीब चार से पांच दमकल गाड़ियों और पानी के टैंकरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के बाद बस को ठंडा करने और अंदर तलाशी का काम किया गया।

आग लगने की वजह अभी साफ नहीं

बस में आग किस वजह से लगी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने आग के दौरान बस से पटाखे जैसी आवाजें आने की बात कही है, लेकिन आग की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कुछ देर रोका गया एक्सप्रेसवे का ट्रैफिक

हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर जेवर टोल और फलैदा कट के आसपास यातायात को कुछ समय के लिए रोका गया। आग पर काबू पाने और राहत-बचाव कार्य पूरा होने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात को दोबारा सुचारू किया गया।

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। (Yamuna Expressway Bus Fire)

यह भी पढ़े :- बदलते बस्तर की तस्वीर: पर्यटन से विकास की नई राह

Back to top button
error: Content is protected !!