Chhattisgarh Weather : छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी
Chhattisgarh Weather : राजधानी रायपुर में गुरुवार देर शाम करीब एक घंटे की बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। प्रदेश में लगातार बिजली गिरने और मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना जताई है। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़े :- India Vs Trump Tariff War : ‘एक इंच दो, मील हथिया लेगा’ – भारत पर टैरिफ के बाद ट्रंप को चीन की चेतावनी
प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के सभी संभागों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई है। इस दौरान बिलासपुर में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। (Chhattisgarh Weather)
मॉनसून की स्थिति और चक्रवातीय प्रभाव
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि:- मानसून द्रोणिका (ट्रफ लाइन) फिरोजपुर और चंडीगढ़ होते हुए पूर्व-दक्षिणपूर्व दिशा में हिमालय की तराई से होकर उत्तर-पूर्व अरुणाचल तक फैली हुई है।
एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बांग्लादेश के मध्य भाग में स्थित है, जो समुद्र तल से 3.1 किमी से लेकर 5.8 किमी की ऊंचाई तक विस्तारित है।
इन दोनों मौसमी सिस्टमों के संयुक्त प्रभाव से 8 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है।
33 जिलों के लिए यलो अलर्ट, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों को इस चेतावनी में शामिल किया गया है, उनमें शामिल हैं:
- बस्तर संभाग: सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर
- रायपुर संभाग: रायपुर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार
- बिलासपुर संभाग: बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
- दुर्ग संभाग: दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव
- सरगुजा संभाग: सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर
- रायगढ़ संभाग: रायगढ़
इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली गिरने, तेज हवा चलने और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर ना रहने की सलाह दी है। (Chhattisgarh Weather)



