Google Analytics —— Meta Pixel

वायरल ऑडियो मामले में बड़ा एक्शन, EE शशांक सिंह निलंबित

EE Shashank Singh Suspended: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह के खिलाफ राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। सरकारी ड्राइवर से कथित गाली-गलौज और ट्रांसफर की धमकी देने वाला ऑडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।

जानकारी के अनुसार विभाग की एक महिला कर्मचारी और सरकारी ड्राइवर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह ने ड्राइवर को फोन किया। सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में वे कथित तौर पर ड्राइवर को अपशब्द कहते और दंतेवाड़ा ट्रांसफर कराने की धमकी देते सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो में मारपीट की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है। (EE Shashank Singh Suspended)

हालांकि प्रशासन की ओर से ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन मामला सार्वजनिक होने के बाद जांच के आदेश दिए गए। प्रारंभिक जांच के आधार पर अधिकारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

इस घटना के बाद सरकारी विभागों में अधिकारियों के व्यवहार और कर्मचारियों के सम्मान को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कर्मचारी संगठनों ने भी मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

प्रशासन का कहना है कि पद का दुरुपयोग, धमकी या कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी हलकों में इस कार्रवाई को सरकार के ‘जीरो टॉलरेंस’ रुख के तौर पर देखा जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक मामले की विस्तृत जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई भी की जा सकती है। (EE Shashank Singh Suspended)

यह भी पढ़े :- CG Train Cancelled : चौथी रेल लाइन कार्य के चलते 73 ट्रेनें रहेंगी रद्द, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

Back to top button
error: Content is protected !!