10 Years of UPI: एक स्कैन और बदल गया पेमेंट का पूरा खेल, पेमेंट में रफ्तार, भारत की डिजिटल हुंकार

10 Years of UPI: एक दशक पहले शुरू हुआ UPI आज भारत की डिजिटल क्रांति की सबसे बड़ी पहचान बन चुका है। एक QR कोड, एक मोबाइल और चंद सेकंड में पेमेंट। छोटे दुकानदार से लेकर बड़े कारोबार तक UPI ने लेन-देन का तरीका बदल दिया। UPI के 10 साल पूरे होने पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इनोवेशन और डिजिटल इंडिया के विजन का बेहतरीन उदाहरण बताया है। वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि UPI ने नई पीढ़ी को यह भरोसा दिया है कि भारत तकनीक में सिर्फ दुनिया को फॉलो नहीं करता, बल्कि लीड भी कर सकता है। बीजेपी ने UPI की सफलता के आंकड़े गिनाते हुए इसे आत्मनिर्भर भारत के लिए वरदान बताया है। हालांकि इसी मुद्दे पर बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पुराने बयानों का जिक्र भी किया और हमला भी बोला।
यह भी पढ़ें:- अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़, फ्यूल टैंक में छिपी थी करोड़ों की हेरोइन की खेप
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि UPI इनोवेशन के जरिए भारत के बदलाव का सफ़र तय करने के मोदी जी के विजन का एक बेहतरीन उदाहरण है। UPI के 10 साल के दौरान हमारे देश ने दुनिया का सबसे बड़ा रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम दिया है और यह साबित किया है कि डिजिटल इंडिया के जरिए हम लोगों को तेज, आसान और सुरक्षित इंटरफेस देकर उन्हें सशक्त बना सकते हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि “QR कोड है?” कभी जेब में खुले पैसे ढूंढे जाते थे। आज स्कूल-कॉलेज का युवा हो, पहली कमाई करने वाला नौजवान, रेहड़ी वाला या छोटा दुकानदार, मोबाइल की एक स्कैन से सेकेंड्स में पेमेंट हो जाता है। UPI ने केवल लेन-देन का तरीका नहीं बदला, इसने एक पूरी पीढ़ी को यह विश्वास दिया है कि भारत तकनीक में दुनिया को फॉलो नहीं करता, लीड भी कर सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से निकली यह डिजिटल क्रांति आज करोड़ों भारतीयों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। इसे देखकर गर्व भी होता है, खुशी भी होती है। यही नया भारत है। युवा, कॉन्फिडेंस, डिजिटल और दुनिया को दिशा देने वाला। (10 Years of UPI)

वित्त मंत्रालय ने कहा कि इनोवेशन वह है, जब टेक्नोलॉजी रोजमर्रा की जिंदगी में अदृश्य हो जाती है। एक QR कोड, एक फोन, कुछ टैप और पेमेंट हो गया। यही UPI की कहानी है – भारतीय इनोवेशन के 10 साल, जिसने रोजमर्रा के पेमेंट को आसान, तेज और ज्यादा सुलभ बना दिया है। वहीं भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि आज मैं UPI के बारे में बता रहा हूं, क्योंकि 10 साल पहले जब मोदी जी ने इसी UPI के बारे में बताया था तो कांग्रेस ने मजाक उड़ाया था और आज मैं उसी मुखौटे को उतार रहा हूं। आज UPI का ट्रांजैक्शन वॉल्यूम क्या है? ये 13 हजार फोल्ड टाइम्स बढ़ा है। 2017 में UPI शुरू हुआ और 2016-17 में कितना ट्रांजैक्शन हुआ? तब UPI के माध्यम से 1.78 करोड़ रुपए का ट्रांजैक्शन हुआ और अब 2025-26 में UPI से 24 हजार 162 करोड़ का ट्रांजैक्शन हुआ। अम्मा जो सब्जी बेचने के लिए बैठती हैं, वो राहुल गांधी से ज्यादा समझदार हैं। ये जो गांधी परिवार के राजवंश हैं, उनसे बहुत ज्याद सझदार जनता है।

भाजपा सांसद संबित पात्रा ने आगे कहा कि हमारी पहली धारा निर्माण क्षमता है। किस तरह से देश की निर्माण क्षमता को बढ़ाया जाए, किस तरह से एक मजबूत घरेलू मूल्य श्रृंखला बनाया जाए, किस तरह से भारत में संपूर्ण रूपे से उत्पादन हो, किस प्रकार से जीरो डिफेक्ट प्रोडक्ट भारत में बनाए जाए, किस प्रकार सटीक विनिर्माण भारत में हो, कैसे बहुत ज्यादा प्रतिस्पर्धी फैक्टरी भारत में बने और कैसे बेहतरीन क्वालिटी का प्रोडक्ट भारत में हो। कई देशों के सामान भारत में आते हैं, लेकिन वो बेहतरीन क्वालिटी के नहीं होते हैं। उनकी गारंटी नहीं होती है। कई देशों के प्रोडक्ट ऐसे होते हैं मगर हम सटीक और प्रतिस्पर्धी बनना चाहते हैं और हम आपको चलने वाले प्रोडक्ट देना चाहते हैं। यह हमारे उत्पादन का सपना है। पावर इलेक्ट्रॉनिक्स का निर्माण और उत्पादन 2014-15 में 1.9 लाख करोड़ था और 2024-25 में बढ़कर 12 लाख करोड़ हुआ। यह 6 गुना बढ़ा। मोबाइल प्रोडक्शन पहले कितना था? (10 Years of UPI)
कैश निकालने की चिंता? खत्म: बीजेपी
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले 18 हजार करोड़ था। यह हमारे कार्यकाल में बढ़कर 5.45 लाख करोड़ हुआ। यह 28 गुना बढ़ा है। मोबाइल फोन निर्यात पहले कितना था? पहले 1500 करोड़ का निर्यात होता था, हमारे समय में 2 लाख करोड़ का हुआ। मोबाइल फोन उत्पाद में भारत का ग्लोबल पावर रैंक पहले कम था जो बढ़ा और अब भारत दूसरे नंबर पर है। 2013-14 में हॉर्टीकल्चर प्रोडक्शन 280.7 मिलियन टन था। वो 2024-25 में बढ़कर 367.7 मिलियन टन हुआ। भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि UPI हमें आश्चर्यचकित करने के लिए है, क्योंकि जिन संख्याओं को हम कभी असंभव समझते थे, वे अब बस रोजमर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा हैं। एक स्कैन, एक टैप, एक बार में एक लेन-देन और साथ मिलकर हमने डिजिटल भुगतान क्रांति को नई सामान्य स्थिति में बदल दिया है। कैश गिनने की झंझट? खत्म। कैश निकालने की चिंता? खत्म। किसने किसे पैसे दिए, इसका हिसाब रखने का सिरदर्द? खत्म। (10 Years of UPI)
आत्मनिर्भर भारत के लिए एक वरदान बन गया: बीजेपी
BJP ने कहा कि UPI सच में आत्मनिर्भरभारत के लिए एक वरदान बन गया है। अब भारत में बने इस इनोवेशन को पूरी दुनिया अपना रही है। बिजली का बिल भरना हो, रेस्टोरेंट का पेमेंट, त्योहारों की खरीदारी या बहन के लिए रक्षाबंधन का गिफ्ट हर दिन करोड़ों भारतीय UPI कर रहे हैं। रफ्तार ऐसी कि देश में हर सेकंड 1 करोड़ का UPI पेमेंट हो रहा है। बीते 10 सालों में UPI ने पेमेंट का तरीका ही बदल दिया है और हमारे जीवन को बेहद आसान बना दिया है। एक दशक में UPI ने सिर्फ भुगतान का तरीका नहीं बदला, बल्कि भारत के डिजिटल आत्मविश्वास को भी नई पहचान दी है। सब्जी की रेहड़ी से लेकर बड़े कारोबार तक, एक QR कोड ने दूरी मिटाई और पेमेंट को सेकंडों का खेल बना दिया। आज UPI भारत के इनोवेशन की ऐसी कहानी है, जिसे दुनिया भी अपना रही है। यानी 10 साल पहले शुरू हुई डिजिटल क्रांति अब भारत की रोजमर्रा की जिंदगी और ग्लोबल पहचान, दोनों का हिस्सा बन चुकी है।




