Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली में ब्लास्ट के बाद 11 राज्यों में हाई अलर्ट, सभी संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा 

High Alert After Delhi Blast: दिल्ली के लाल किले के पास कार में हुए धमाके के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। इस धमाके में 12 लोगों की मौत और 20 घायल हो गए हैं। धमाके के बाद केंद्र और राज्य सरकारों ने सुरक्षा बढ़ा दी है। दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, गुजरात और छत्तीसगढ़ समेत 11 राज्यों में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। दिल्ली पुलिस और सीआईएसएफ ने IGI एयरपोर्ट, मेट्रो स्टेशनों और प्रमुख बाजारों में सुरक्षा बढ़ा दी है। संदिग्ध वाहनों और लोगों की सघन तलाशी ली जा रही है। एनएसजी और बम निरोधक दस्ते को भी तैनात किया गया है।

यह भी पढ़ें:- दिल्ली ब्लास्ट के बाद भारत-पाक सीमा पर हलचल, अमेरिका-फ्रांस-UK ने जारी की चेतावनी 

दिल्ली धमाके में UP के अमरोहा निवासी अशोक सिंह की मौत हुई है, जबकि देवरिया, आगरा और गाजियाबाद के तीन लोग घायल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। अयोध्या, काशी, मथुरा जैसे संवेदनशील इलाकों में क्यूआरटी, एटीएस और बम स्क्वॉड को स्टैंडबाय पर रखा गया है। DGP राजीव कृष्ण ने कहा कि सभी महत्वपूर्ण स्थानों की चेकिंग कराई जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। हरियाणा के गुरुग्राम, झज्जर और सोनीपत के बॉर्डर पर वाहनों की कड़ी चेकिंग हो रही है। पुलिस कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक टीम सक्रिय हैं।

अलर्ट पर उत्तराखंड के 13 जिले 

उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और उधम सिंह नगर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मंदिरों, बाजारों और बस स्टैंडों पर पुलिस गश्त बढ़ाई गई है। दिल्ली ब्लास्ट में उधम सिंह नगर के हर्शुल सेठी (28) के घायल होने की पुष्टि हुई है। पंजाब के सभी CP और SSP को अलर्ट पर रखा गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें। मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। डीजीपी कैलाश मकवाना ने सभी अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्थिति की समीक्षा की।

धार्मिक स्थलों पर कड़ी सुरक्षा

उज्जैन के महाकाल मंदिर के आसपास बम और डॉग स्क्वॉड को तैनात किया गया है। राजस्थान के जयपुर, अजमेर और अन्य शहरों में सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द की गई हैं। ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती दरगाह के बाहर RAC के जवान तैनात हैं। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और पर्यटन स्थलों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है। महाराष्ट्र में मुंबई और नागपुर के RSS मुख्यालय सहित प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कड़ी की गई है। गुजरात के अहमदाबाद, सूरत, राजकोट और वडोदरा में पुलिस ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाई है। दिल्ली धमाके के बाद बिहार में भी हाई अलर्ट घोषित किया गया है। नेपाल बॉर्डर से सटे 7 जिलों में विशेष चेकिंग चल रही है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बाहरी वाहनों की कड़ी जांच की जा रही है।

रायपुर समेत सभी जिलों में अलर्ट

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और हाईकोर्ट परिसर में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में फुट पेट्रोलिंग और संदिग्ध वस्तुओं की जांच जारी है। धमाके के बाद सभी राज्यों को केंद्र सरकार ने सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। NIA और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल जांच में जुटी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा है कि मामले की हर दिशा से जांच की जा रही है और जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

Back to top button
error: Content is protected !!