Google Analytics —— Meta Pixel

PM किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त कल होगी जारी, प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल से करेंगे जारी

PM Kisan Samman Nidhi: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की दिशा में 20 जून यानी कल 23वीं किस्त जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से दोपहर 3.45 बजे देशभर के पात्र किसानों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से राशि ट्रांसफर करेंगे। यह किस्त अप्रैल से जुलाई 2026 की अवधि के लिए पात्र किसानों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इस बार 18 हजार 880 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि सीधे 9 करोड़ 44 लाख से ज्यादा किसानों को जारी की जाएगी। 23वीं किस्त में 2 करोड़ 18 लाख से ज्यादा महिला किसानों को लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़ें:- ट्रंप पर भड़कीं जॉर्जिया मेलोनी, बोलीं- झूठ की भी हद होती है, इटली कभी नहीं झुकता

छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 24 लाख 71 हजार से ज्यादा पात्र किसानों को सहायता राशि मिल रही है। बता दें कि भारत सरकार की ओर से 20 जून को ‘PM किसान उत्सव दिवस’ के रूप में मनाने का फैसला लिया गया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से प्रसारित होगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देश के सभी जिलों के विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर वेबकास्ट के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण और किसान इस कार्यक्रम से जुड़ सकें। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कृषकों और ग्रामवासियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है। (PM Kisan Samman Nidhi)

PM Kisan Yojana

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी शुरुआत 24 फरवरी 2019 में की थी, जो देश के पात्र भूमिधारक किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के अंतर्गत आधार से लिंक और सक्रिय बैंक खातों वाले पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपए की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। यह सहायता राशि तीन समान किस्तों में दी जाती है। हर चार माह के अंतराल पर 2 हजार रुपए की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इससे पहले 22वीं किस्त 13 मार्च 2026 में जारी की गई थी। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी ई-केवाईसी, एग्रीस्टैक फार्मर्स आईडी, आधार सत्यापन समेत बैंक खाते की जानकारी अपडेट रखें, ताकि किस्त की राशि प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या न हो। (PM Kisan Samman Nidhi)

Back to top button
error: Content is protected !!