दो मंजिला मकान में लगी भीषण आग, मां और 5 बच्चों की जिंदा जलकर मौत, कपड़ा कारोबारी का परिवार आग में समाया

6 Killed in Fire: उत्तर प्रदेश के मेरठ में सोमवार देर शाम दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां कपड़ा कारोबारी के परिवार के 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में कारोबारी की पत्नी और पांच बच्चे शामिल हैं, जिनमें 6 माह की जुड़वां बेटियां भी थी। हादसे के समय कारोबारी नमाज पढ़ने मस्जिद गए हुए थे। घटना किदवई नगर के सुराही वाली मस्जिद स्थित गली नंबर-1 की है, जहां कपड़ा कारोबारी इकबाल उर्फ आसिम अपने भाई फारुख के साथ नमाज पढ़ने मस्जिद गए थे। घर में उनकी पत्नी रुखसार (30), मां अमीर बानो (55) और पांच बच्चे महविश (12), हम्माद (4), अद्दस (3), नाबिया (6 माह) और इनायत (6 माह) मौजूद थे।
यह भी पढ़ें:- सारंगढ़ में 3 लोगों की हत्या से सनसनी, भतीजा ही निकला हत्यारा, कुल्हाड़ी से किया ताबड़तोड़ हमला
बताया जा रहा है कि बच्चे खेल रहे थे और महिलाएं खाना बना रही थी, तभी अचानक मकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे दो मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियां सीधे मौके तक नहीं पहुंच सकी। फायर फाइटर्स को पड़ोसी मकान की छत से होकर सीढ़ी के सहारे अंदर जाना पड़ा। करीब 30 मिनट तक परिवार के सदस्य आग की लपटों में फंसे रहे। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। (6 Killed in Fire)

सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रुखसार और पांच बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया। नाबिया और इनायत इकबाल-रुखसार की जुड़वां बेटियां थी। वहीं फारुख की बेटी महविश और बेटा हम्माद भी इस हादसे का शिकार हो गए। कारोबारी की मां अमीर बानो और एक पड़ोसी गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका इलाज जारी है। घटना के बाद अस्पताल में मोहल्ले के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे इलाके में मातम छा गया। घटना की सूचना मिलते ही सिवाल खास से विधायक गुलाम मोहम्मद अस्पताल पहुंचे। जिलाधिकारी वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे, डीआईजी कलानिधि नैथानी और एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

आग के कारणों की जांच जारी
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मकान में कपड़ों का स्टॉक भी रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैली। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह के मुताबिक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है, जबकि स्थानीय लोग गैस सिलेंडर में लीकेज को कारण बता रहे हैं। हादसे के समय मस्जिद में मौजूद इकबाल को जब घटना की जानकारी मिली तो वे बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। अपने परिवार को खोने के बाद उनका रो-रोकर बुरा हाल है। इकबाल कपड़ों का कारोबार करते हैं और ऑर्डर पर कपड़े तैयार कर कई शहरों की एग्जिबिशन में बिक्री करते हैं। घर में बड़ी मात्रा में कपड़ा रखा था, जिससे आग और भड़क गई। मामले की जांच जारी है। (6 Killed in Fire)



