Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 6 लोगों की मौत

Balod Road Accident: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां भानुप्रतापपुर-दल्लीराजहरा मार्ग पर सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मृतकों में एक बच्चा और 4 महिलाएं शामिल हैं। हादसा डौंडी थाना क्षेत्र के चौरापावड़ के पास हुआ है। ASP अशोक जोशी ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में आज से विधानसभा का शीतकालीन सत्र, 20 दिसंबर तक होंगी चार बैठकें

बता दें कि छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। इससे पहले रविवार को अलग-अलग सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई। रायगढ़ जिले में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिसमें चाचा-भतीजा समेत 3 लोगों की मौत हो गई। हादसा रायगढ़ के चक्रधर नगर थाना इलाके में हुआ। दरअसल, पिकअप की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग दूर जा गिरे। हादसा इतना भीषण था कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान सपनई गांव के रहने वाले श्याम लाल राठिया, भतीजा निरंजन राठिया और दोस्त आनंद राम के रूप में हुई है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। (Balod Road Accident)

बलौदाबाजार में हुए 2 हादसे

वहीं बलौदाबाजार में हुए 2 अलग-अलग हादसों में 5 साल के बच्चे समेत 3 लोगों की मौत हो गई। लवन थाना क्षेत्र में रेत से भरे हाइवा ने सड़क किनारे खड़े युवक को टक्कर मार दी, जिसकी वजह से युवक की मौके पर मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 साल के खीलेश कुमार वर्मा के रूप में हुई। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक हाइवा को लाहोद गांव में छोड़कर मौके से फरार हो गया। दूसरा हादसा पलारी थाना इलाके में हुआ, जिसमें मां-बेटे की जान चली गई। जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में 29 साल की रश्मि साहू और उसका 5 साल का बेटा दिव्यांश साहू शामिल है। हादसा अमेठी घाट के पास हुआ। (Balod Road Accident)

Back to top button
error: Content is protected !!