National High Speed Road : ₹50000 करोड़ की लागत से बनेंगे 8 नेशनल हाई-स्पीड रोड कॉरिडोर, मोदी सरकार ने दी मंजूरी
National High Speed Road Corridor : केंद्र सरकार ने विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर शुक्रवार को आठ नई एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं को मंजूरी दे दी। इनमें अयोध्या और कानपुर के चारों तरफ रिंग रोड के निर्माण और आगरा-ग्वालियर के बीच छह लेन के कॉरिडोर बनाए जाने को भी मंजूरी दी गई है। इसी तरह रायपुर-रांची एक्सप्रेस-वे के पथलगांव से गुमला खंड के बीच एक्सप्रेस-वे कॉरिडोर को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इससे झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्य को लाभ होगा।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट की बैठक के बाद आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की अहम फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। इसी के तहत शहरों को जाम से निजात दिलाने और बेहतर यातायात सुविधा मुहैया कराने के लिए 936 किलोमीटर लंबी आठ परियोजनाओं के निर्माण को (National High Speed Road Corridor) स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं के निर्माण पर कुल 50,655 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनके निर्माण से 4.5 करोड़ मानव दिवस का रोजगार भी पैदा होगा। मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के निर्माण में जमीन अधिग्रहण की आवश्यकता कम होगी। जहां पर ग्रीन फील्ड होंगे, वहीं पर जमीन अधिग्रहण किया जाएगा।
आगरा-ग्वालियर कॉरिडोर: छह लेन वाले 88 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस-वे पर कुल 4613 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह कॉरिडोर आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेसवे का विकल्प होगा। इसके निर्माण से आगरा से मध्य प्रदेश के बीच यातायात सेवा बेहतर होगी। आगरा और ग्वालियर के बीच आवागमन बेहतर होने पर पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। कॉरिडोर आगरा के देवरी गांव से शुरू होगा और ग्वालियर के सुसेरा गांव तक बनाया जाएगा।
अयोध्या रिंग रोड: धार्मिक नगरी अयोध्या में लगातार ट्रैफिक बढ़ रहा है और भविष्य में भी यहां पर ट्रैफिक बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए 68 किलोमीटर की चार लेन की रिंग रोड बनाई जाएगी। इसके निर्माण पर 3935 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके बनने से शहर के अंदर जहां वाहनों की संख्या कम होगी वहीं रिंग रोड नेशनल हाईवे को सीधे जोड़ने का काम करेगी। इससे अयोध्या एयरपोर्ट व रेलवे स्टेशन तक पहुंचना भी आसान हो सकेगा।
कानपुर रिंग रोडः 47 किलोमीटर लंबी छह लेन की रिंग रोड को मंजूरी दी गई है। इसके निर्माण पर 3298 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह रिंग रोड जहां शहर के अंदर वाहनों का दबाव कम करने में सहायक होगी वहीं लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे, गंगा एक्सप्रेस-वे को भी सीधे जोड़ने में मदद करेगी।
पथलगांव से गुमला खंडः रायपुर-रांची एक्सप्रेस-वे के बीच चार लेन के इस कॉरिडोर के निर्माण पर 4473 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके बनने से खनन क्षेत्र को कोरबा, धनबाद, रायगढ़ जैसे अन्य क्षेत्रों को औद्योगिक क्षेत्र को सीधे जोड़ने में मदद मिलेगी। यह नेशनल हाईवे-43 से शुरू होगा, जो नेशनल हाईवे 130ए को जोड़ने का काम करेगा।
सीएम साय ने दिया पीएम मोदी को धन्यवाद
रायपुर-रांची कॉरिडोर (National High Speed Road Corridor) को मंजूरी मिली है। इस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
सीएम साय ने एक्स पर लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 50,655 करोड़ रुपये के निवेश से 936 किलोमीटर तक फैली आठ राष्ट्रीय हाई-स्पीड रोड कॉरिडोर परियोजनाओं को मंजूरी देने के लिए हृदय से धन्यवाद।




